हनुमान टौरिया मंदिर में पुजारी से मारपीट, युवक-युवती को रोकना पड़ा भारी; आरक्षक निलंबित
द्वारका न्यूज़
प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर
21 अगस्त 2026

छतरपुर। शहर के प्राचीन हनुमान टौरिया मंदिर में युवक-युवतियों के जमावड़े को लेकर विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। मंगलवार शाम मंदिर की सीढ़ियों पर एक युवक-युवती को कथित आपत्तिजनक स्थिति में देखकर पुजारी रोहित त्रिपाठी ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि इससे नाराज युवक ने फोन कर अपने साथियों को बुला लिया। कुछ ही देर में एक दर्जन से अधिक लोग मंदिर परिसर में पहुंच गए और पुजारी के साथ मारपीट शुरू कर दी।
घटना से मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई। पुजारी को बचाने पहुंचे मुख्य पुजारी राजू महाराज के साथ भी झूमाझटकी की गई। पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है।
सूचना पर सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्यों के आधार पर प्रकरण दर्ज किया है। जांच में एक पुलिस आरक्षक की कथित संलिप्तता सामने आने पर उसे निलंबित कर दिया गया। मामले में पुलिस द्वारा आरोपियों की भूमिका की जांच जारी है।









