घटावदा स्कूल मूत्रकांड: प्राचार्य पर कार्रवाई की मांग तेज, ग्रामीणों ने दिया 3 दिन का अल्टीमेटम
द्वारका न्यूज़
प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर
24 अगस्त 2026

गुना। आरोन विकासखंड के घटावदा स्थित शासकीय स्कूल में छात्राओं की पानी की बोतल में कथित रूप से मूत्र मिलाने के मामले को लेकर विवाद एक बार फिर गहरा गया है। घटना के करीब एक सप्ताह बाद ग्रामीणों ने जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर स्कूल के प्राचार्य के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने तीन दिन के भीतर प्राचार्य को संस्था से हटाने का अल्टीमेटम दिया है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि तय समय में कार्रवाई नहीं हुई तो वे अपने बच्चों को स्कूल नहीं भेजेंगे और स्कूल भी नहीं खुलने देने का विरोध करेंगे। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि 18 अगस्त की घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल है और अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।
ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि कार्रवाई ऐसे शिक्षकों के खिलाफ की गई, जो घटना के समय स्कूल में मौजूद नहीं थे। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और प्राचार्य की भूमिका की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।
इधर, ग्रामीणों ने कहा कि विवाद को जातिगत रूप दिए जाने से गांव का माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो रहा है। प्रशासन और शिक्षा विभाग के अधिकारियों द्वारा पहले ही मौके पर पहुंचकर छात्राओं, अभिभावकों और संबंधित पक्षों के बयान लिए जा चुके हैं। अब ग्रामीणों ने दोबारा कार्रवाई की मांग तेज कर दी है।









