चिंताहरण मंदिर के सामने खूनी संघर्ष: छेड़छाड़ के आरोप से भड़का विवाद, महिला समेत कई घायल
द्वारका न्यूज़ | प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर | 26 अगस्त 2026

गुना। शहर से लगे चिंताहरण मंदिर के सामने स्थित सपेरा बस्ती में बुधवार को दो पक्षों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मारपीट में महिला समेत कई लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घायल महिला राममूर्ति ने आरोप लगाया कि वह अपनी बहन के घर आयोजित सगाई कार्यक्रम में शामिल होने आई थी। शौच के लिए जाते समय रास्ते में दो-तीन युवकों ने उसके साथ छेड़छाड़ की। उसने घटना की जानकारी अपने भाई दिनेश को दी। आरोप है कि दिनेश द्वारा विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और दूसरे पक्ष के लोगों ने चाकू, फर्सी व अन्य हथियारों से हमला कर दिया।
राममूर्ति के मुताबिक, बीच-बचाव करने पहुंची महिलाओं के साथ भी मारपीट की गई। उसकी बड़ी बहन के सिर में चोट आई, जबकि राममूर्ति भी घायल होकर बेहोश हो गई। परिजन उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।
वहीं दूसरे पक्ष की महिला ने छेड़छाड़ के आरोपों से अलग घटनाक्रम बताते हुए कहा कि परिवार के सदस्यों के बीच शराब के नशे में विवाद हुआ था। इसी दौरान एक युवक का मोबाइल टूट गया और मोबाइल सुधरवाने की बात को लेकर कहासुनी बढ़ गई, जिसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट हो गई।
घटना में दोनों पक्षों के कई लोगों के घायल होने की बात सामने आई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों के बयान दर्ज किए। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस जांच के बाद ही विवाद की वास्तविक वजह और आरोपों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।









