गुना में ऑटो चालक की चाकू से गोदकर हत्या, बाइक सवार युवक गंभीर; गणेशपुरा के पास वारदात से सनसनी
गुना | 26 अगस्त 2026 | द्वारका न्यूज़ | प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर

गुना जिले में बुधवार शाम एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। गणेशपुरा गांव के पास सवारी छोड़कर लौट रहे एक ऑटो चालक की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। इसी दौरान मोटरसाइकिल से गांव लौट रहा एक अन्य युवक भी हमले में गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद क्षेत्र में तनाव और सनसनी का माहौल है।
पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ग्राम भूराचक निवासी रवि लोधा मोटरसाइकिल से गुना से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान इसी गांव के निवासी ऑटो चालक गोविंद लोधा भी ऑटो से सवारियां लेकर गांव की ओर जा रहे थे। गणेशपुरा के पास पहुंचने पर कुछ युवकों ने दोनों पर कथित रूप से अचानक हमला कर दिया।
आरोप है कि हमलावरों ने धारदार चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। गंभीर रूप से घायल गोविंद लोधा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं रवि लोधा गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी में हमले में कुछ युवकों के शामिल होने की बात सामने आई है, हालांकि पुलिस ने अभी आरोपियों की पहचान और घटना के पीछे की वास्तविक वजह को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं की है। दोनों पक्षों के बीच किसी पुराने विवाद या अन्य कारण को लेकर भी पुलिस जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है तथा संदिग्ध आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस जांच के बाद ही घटना की पूरी वजह और आरोपियों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।









