Guna News: बालाजी मंदिर से चांदी का मुकुट चोरी, 24 घंटे में खुलासा; राजस्थान के 2 शातिर चोर गिरफ्तार
द्वारका न्यूज़
प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर
1 सितंबर 2026
मंदिर में अगली चोरी की फिराक में जंगल में घूम रहे थे आरोपी, फतेहगढ़ पुलिस ने जनसहयोग से दबोचा; ₹50 हजार का चांदी का मुकुट और ₹1 लाख की बाइक बरामद
गुना/फतेहगढ़। फतेहगढ़ के बालाजी मंदिर से चांदी का मुकुट चोरी होने की घटना का पुलिस ने महज 24 घंटे में खुलासा कर दिया। फतेहगढ़ थाना पुलिस ने राजस्थान के बारां जिले के रहने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी गया चांदी का मुकुट बरामद किया है। आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी एक अन्य मंदिर में चोरी की वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। इसी दौरान पुलिस ने सूचना के आधार पर अनारद के जंगल क्षेत्र में घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने फतेहगढ़ स्थित बालाजी मंदिर से चांदी का मुकुट चोरी करने की बात स्वीकार की, जिसके बाद उनकी निशानदेही पर मुकुट बरामद कर लिया गया।
सफाई के दौरान संदिग्ध को मंदिर से निकलते देखा था
मामला 29 अगस्त 2026 का है। फतेहगढ़ निवासी निरोत्तम दास बैरागी रोकड़िया बालाजी मंदिर में पूजा-पाठ करते हैं। शाम के समय जब वे मंदिर में साफ-सफाई कर रहे थे, तभी उन्होंने एक संदिग्ध व्यक्ति को मंदिर से नीचे उतरकर जाते हुए देखा।
संदेह होने पर उन्होंने मंदिर के अंदर जाकर देखा तो बालाजी भगवान की मूर्ति पर बंधा चांदी का मुकुट गायब था। इसके बाद 30 अगस्त को फतेहगढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 188/26, धारा 305(d), 331(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
दूसरी चोरी से पहले पुलिस ने दबोचे
मुकुट चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। जनसहयोग के साथ तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस संदिग्धों तक पहुंचने में जुटी थी।
इसी दौरान 31 अगस्त 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि दो संदिग्ध व्यक्ति अनारद के जंगल क्षेत्र में स्थित एक अन्य हनुमान मंदिर के आसपास चोरी की नीयत से घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुकेश पुत्र बृजमोहन कुशवाह, उम्र 38 वर्ष और सदीक पुत्र छुट्टन बेग, उम्र 48 वर्ष, दोनों निवासी नाहरगढ़, जिला बारां, राजस्थान के रूप में हुई।
₹50 हजार का मुकुट और ₹1 लाख की बाइक बरामद
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बालाजी मंदिर से चांदी का मुकुट चोरी करने की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने करीब ₹50 हजार कीमत का चांदी का मुकुट बरामद कर लिया। इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल, जिसकी अनुमानित कीमत करीब ₹1 लाख है, भी जब्त की गई।
राजस्थान में दर्ज हैं चोरी के मामले
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी सदीक बेग के खिलाफ राजस्थान के बारां जिले के विभिन्न थानों में चोरी के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस दोनों आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटा रही है। पूछताछ में आरोपियों के नशे के आदी होने की जानकारी भी सामने आई है।
पुलिस की कार्रवाई से दूसरी वारदात टली
फतेहगढ़ थाना पुलिस की कार्रवाई से न केवल बालाजी मंदिर से चोरी गए मुकुट की बरामदगी हुई, बल्कि आरोपियों द्वारा कथित तौर पर की जाने वाली एक अन्य मंदिर चोरी की वारदात को भी समय रहते विफल कर दिया गया।
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के नेतृत्व, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन और एसडीओपी गुना विवेक अष्ठाना के पर्यवेक्षण में फतेहगढ़ थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अभिषेक तिवारी एवं टीम ने यह कार्रवाई की।
इनकी रही अहम भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अभिषेक तिवारी, सउनि नरेश शर्मा, सउनि दिलीप रघुवंशी, सउनि जसरथ दिवाकर सहित फतेहगढ़ थाना पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। साइबर सेल से आरक्षक कुलदीप यादव और आरक्षक भूपेन्द्र खटीक का भी सराहनीय योगदान रहा।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से मंदिर चोरी का मामला 24 घंटे में सुलझा और धार्मिक स्थल को निशाना बनाने की कथित अगली कोशिश भी नाकाम हो गई।









