शादी की जिद में प्रेमिका को बनाया मौत का शिकार, पेट्रोल डालकर जिंदा जलाया

द्वारका न्यूज़ | प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर | 16 सितंबर 2026
रायपुर। माना थाना क्षेत्र में विवाहिता राजकुमारी साहू की पेट्रोल डालकर आग लगाने के बाद हुई मौत के मामले में पुलिस ने उसके प्रेमी वीरू धीवर (26) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार वीरू राजकुमारी से शादी करना चाहता था। राजकुमारी के अन्य लोगों से बातचीत और शादी में आ रही कथित अड़चन को लेकर वह नाराज था। इसी वजह से उसने हत्या की योजना बनाई।
आरोपी ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि उसने अपनी लोकेशन ट्रेस होने से बचने के लिए मोबाइल फोन बंद कर घर पर छोड़ दिया था। इसके बाद पेट्रोल पंप से बोतल में पेट्रोल लेकर उसे गाड़ी की डिक्की में रखा और राजकुमारी को एयरपोर्ट के पीछे बरोदा गांव की ओर निर्माणाधीन सुनसान रास्ते पर ले गया।
वहां दोनों के बीच विवाद बढ़ने पर आरोपी ने कथित तौर पर राजकुमारी पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग की लपटों में घिरी महिला मदद के लिए चीखते हुए सड़क की ओर भागी।
एयरपोर्ट के पीछे एटीसी टावर पर तैनात सुरक्षा गार्ड ने महिला को आग की लपटों में देखा और पुलिस को सूचना दी। आसपास के लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया। गंभीर रूप से झुलसी राजकुमारी को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।







