जमीन विवाद में खूनी संघर्ष: बुजुर्ग की मौत, आधा दर्जन घायल
पथराव कर लाठी-कटार से हमला, गांव में तनाव; पुलिस ने शुरू की जांच
द्वारका न्यूज़ | प्रधान संपादक – विक्रम सिंह तोमर
17 सितंबर 2026

गुना। जिले के म्याना थाना क्षेत्र के ग्राम गोपालपुर मारदा में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। विवाद के दौरान जमकर पथराव हुआ और लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से हमला किया गया।
घटना में 65 वर्षीय माखन सिंह अहिरवार की मौत हो गई, जबकि करीब आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
खेत से घर लौटते समय शुरू हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, घटना 16 सितंबर की सुबह करीब 10 बजे की है। फरियादी अभिषेक अहिरवार अपने चचेरे भाई गुलशन के साथ खेत से घर लौट रहा था। इसी दौरान कुएं वाले खेत के पास गांव के लालजीराम जाटव ने पुरानी रंजिश को लेकर कथित तौर पर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और आरोपी पक्ष ने हमला कर दिया।
देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मारपीट के साथ पथराव शुरू हो गया। धारदार हथियार और लाठियों से किए गए हमले में कई लोग घायल हुए। गंभीर रूप से घायल माखन सिंह अहिरवार की उपचार के दौरान मौत हो गई।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
मामले में फरियादी अभिषेक अहिरवार की शिकायत पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना से जुड़े लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों ने दोनों पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
द्वारका न्यूज़ | प्रधान संपादक – विक्रम सिंह तोमर







