‘महाराज! माला पहनाते-पहनाते जिंदगी गुजर गई, खेत के लिए खाद नहीं मिला’
किसानों की शिकायत पर सिंधिया ने कलेक्टर से कहा—‘पेन-पैड निकालिए, नाम और नंबर नोट कीजिए’
द्वारका न्यूज़ | प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर | 17 सितंबर 2026
गुना। खाद की किल्लत से परेशान किसानों की शिकायतें सुनते-सुनते गुरुवार को सर्किट हाउस का माहौल उस समय गरमा गया, जब एक किसान ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के सामने अपनी परेशानी रखते हुए कहा—“महाराज! जिंदगी माला पहनाते-पहनाते गुजर गई, लेकिन खेत के लिए दो बोरी खाद नहीं मिल पा रही।”
किसान की शिकायत पर सिंधिया ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से जवाब-तलब किया। उन्होंने गुना कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल से किसानों की समस्याओं को गंभीरता से दर्ज करने को कहा। कलेक्टर के ‘ठीक है’ कहने पर सिंधिया ने तत्काल निर्देश देते हुए कहा कि “ठीक है नहीं, पेन-पैड निकालिए और हर किसान का नाम और मोबाइल नंबर नोट कीजिए।” इसके बाद कलेक्टर ने किसानों के नाम और नंबर दर्ज किए।
टोकन व्यवस्था पर किसानों ने उठाए सवाल
ग्रामीण क्षेत्रों और पगारा से पहुंचे किसानों ने खाद वितरण व्यवस्था में गड़बड़ी के आरोप लगाए। किसानों का कहना था कि ऑनलाइन टोकन के लिए पोर्टल खुलते ही कुछ ही समय में टोकन समाप्त दिखाई देने लगते हैं। कुछ किसानों ने टोकन की कालाबाजारी और ऑनलाइन व्यवस्था में गड़बड़ी की आशंका भी जताई। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। सिंधिया ने शिकायतों की जांच कर उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
रक्तदाताओं से मिले सिंधिया, अपने हाथों से पिलाया जूस
जनसुनवाई के बाद सिंधिया जिला अस्पताल पहुंचे, जहां सेवा संकल्प अभियान के तहत रक्तदान शिविर आयोजित किया गया था। उन्होंने रक्तदाताओं से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और अपने हाथों से जूस पिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने रक्तदान को मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए रक्तदाताओं की सराहना की।मुख्य फोटो कैप्शन: खाद की समस्या लेकर पहुंचे किसानों की शिकायत सुनते केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और कलेक्टर से नाम-पता दर्ज कराने के निर्देश देते हुए।







