जनता ने सड़क मांगी, सिंधिया ने मंच से ही कर दिया 3 करोड़ का ऐलान
गुलाबगंज से कैंट चौराहे तक बनेगी नई सड़क, बरसात बाद शुरू होगा निर्माण
कलेक्टर को एस्टीमेट और टेंडर प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराने के निर्देश
गुना | द्वारकाधीश | प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर | 18 सितंबर 2026
गुना में क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही सड़क की मांग पर केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री एवं गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मंच से ही बड़ी घोषणा कर दी। गुलाबगंज से कैंट चौराहे तक सड़क निर्माण के लिए 3 करोड़ रुपये की राशि आवंटित करने का ऐलान किया गया है।
सिंधिया ने बताया कि मुख्यमंत्री से प्राप्त 15 करोड़ रुपये की विशेष निधि में से गुलाबगंज-कैंट चौराहा सड़क को प्राथमिकता देते हुए 3 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सड़क की आवश्यकता को विधायक पन्नालाल शाक्य और उन्होंने स्वयं भी गंभीरता से लिया है।
कलेक्टर को दिए तत्काल निर्देश
घोषणा के साथ ही सिंधिया ने जिला कलेक्टर को सड़क का एस्टीमेट शीघ्र तैयार कराने और टेंडर प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि निर्माण कार्य में अनावश्यक देरी न हो। उन्होंने कहा कि बरसात समाप्त होने के बाद सड़क निर्माण शुरू कराया जाएगा और इसे जल्द पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा।
हजारों लोगों को मिलेगी राहत
गुलाबगंज से कैंट चौराहे तक सड़क निर्माण होने से क्षेत्र के नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। सड़क बनने से इस मार्ग की कनेक्टिविटी बेहतर होने के साथ स्थानीय लोगों को भी राहत मिलने की उम्मीद है। जनता की मांग पर मंच से हुई इस घोषणा को क्षेत्र के विकास से जोड़कर देखा जा रहा है।







