सिंधिया के कार्यक्रम में काले झंडों से बवाल, समर्थक-विरोधी भिड़े; पुलिस ने संभाला मोर्चा
द्वारक न्यूज़ प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर
21 सितंबर 2026
ग्वालियर। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के सोमवार को बेला की बावड़ी स्थित कुशवाहा छात्रावास के भूमिपूजन कार्यक्रम में उस समय हंगामा हो गया, जब उनके भाषण के दौरान कुछ लोगों ने काले झंडे दिखाकर विरोध किया। विरोध के बाद कार्यक्रम स्थल पर मौजूद कुछ कार्यकर्ताओं और प्रदर्शनकारियों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते धक्का-मुक्की और मारपीट में बदल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति को नियंत्रित किया।
बताया जा रहा है कि प्रदर्शनकारी सिंधिया को कार्यक्रम का मुख्य अतिथि बनाए जाने से नाराज थे। उनका कहना था कि छात्रावास के लिए आवंटित जमीन कुशवाह समाज के लिए है, इसलिए भूमिपूजन कार्यक्रम में समाज से जुड़े नेता या जनप्रतिनिधि को मुख्य अतिथि बनाया जाना चाहिए था। प्रदर्शनकारियों को ग्वालियर सांसद भारत सिंह कुशवाह के समर्थक बताए जाने की चर्चा भी सामने आई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
प्रदर्शन में शामिल हरिओम कुशवाह ने आरोप लगाया कि छात्रावास के लिए जमीन सरकार की ओर से उपलब्ध कराई गई है और समाज के कार्यक्रम में समाज से जुड़े नेताओं को प्राथमिकता मिलनी चाहिए थी। उन्होंने नारायण सिंह कुशवाह, भारत सिंह कुशवाह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों को मुख्य अतिथि बनाए जाने की बात कही।
हंगामे के दौरान कुर्सियां फेंके जाने और कुछ लोगों के घायल होने के दावे भी सामने आए हैं। पुलिस द्वारा कुछ युवकों को मौके से हटाकर थाने ले जाने की जानकारी है। पूरे विवाद और पुलिस कार्रवाई की विस्तृत आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।







