दुष्कर्म के मामले में गुना कोतवाली पुलिस की प्रभावी कार्रवाई
द्वारका न्यूज़ प्रधान संपादक
विक्रम सिंह तोमर 1 अक्टूबर 2026
एक आरोपी गिरफ्तार कर जेल भेजा, मुख्य आरोपी की तलाश जारी

गुना। महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए गुना पुलिस द्वारा महिला संबंधी अपराधों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में गुना कोतवाली पुलिस ने विवाहित महिला से दुष्कर्म, मारपीट एवं जान से मारने की धमकी देने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। वहीं, प्रकरण के मुख्य आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 6 सितंबर 2026 को 25 वर्षीय विवाहित महिला ने गुना कोतवाली में विवेक रघुवंशी एवं गोलू रघुवंशी, निवासी ग्राम विनयेका, जिला शिवपुरी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। महिला ने आरोप लगाया था कि दोनों आरोपियों ने उसे नशीला पदार्थ पिलाया। इसके बाद विवेक रघुवंशी ने उसके साथ जबरदस्ती की। पुलिस में शिकायत करने की बात कहने पर गोलू रघुवंशी द्वारा उसके साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया।
फरियादिया की रिपोर्ट पर गुना कोतवाली में अप.क्र. 523/26, धारा 64(1), 115(2), 351(3), 3(5), 127(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मुखबिर सूचना पर आरोपी गिरफ्तार
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए मुखबिर तंत्र सक्रिय करने के साथ तकनीकी संसाधनों का उपयोग किया और संभावित ठिकानों पर दबिश दी। इसी दौरान 30 सितंबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने फरार आरोपी गोलू उर्फ गोविन्द पुत्र इमरतलाल रघुवंशी, उम्र 34 वर्ष, निवासी ग्राम विनयेका, थाना इंदार, जिला शिवपुरी, हाल भगत सिंह कॉलोनी गुना को गिरफ्तार कर लिया।
आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। मामले में फरार मुख्य आरोपी विवेक रघुवंशी की तलाश जारी है।
पुलिस टीम की रही विशेष भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा, उपनिरीक्षक चंचल तिवारी, प्रधान आरक्षक रामकुमार रघुवंशी, आरक्षक प्राण सिंह चावड़ीकर, आरक्षक हरवीर धाकड़, आरक्षक जितेन्द्र वर्मा एवं आरक्षक शिवराज रघुवंशी की विशेष भूमिका रही।
पुलिस का कहना है कि महिलाओं एवं नाबालिगों के विरुद्ध अपराध करने वालों के खिलाफ त्वरित, निष्पक्ष एवं कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।







