द्वारका न्यूज़ 3 अक्टूबर 2026
रुस्तमजी पुरस्कार के लिए चयनित दो पुलिस अधिकारियों का सवर्ण आर्मी ने किया सम्मान

टेकरी डकैती और चांदी चोरी के चर्चित मामलों के उत्कृष्ट खुलासे पर अनूप भार्गव व राजेंद्र चौहान को प्रशंसा-पत्र
गुना। वर्ष 2024-25 के के.एफ. रुस्तमजी पुरस्कार की विशिष्ट श्रेणी के लिए चयनित गुना जिले के दो पुलिस अधिकारियों निरीक्षक अनूप भार्गव एवं निरीक्षक राजेंद्र सिंह चौहान का सवर्ण आर्मी, जिला गुना की ओर से सम्मान किया गया। संगठन ने दोनों अधिकारियों को प्रशंसा-पत्र प्रदान कर उनकी उल्लेखनीय पुलिस सेवाओं के लिए बधाई दी।
कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप भार्गव को टेकरी चोरी/डकैती प्रकरण के उत्कृष्ट खुलासे तथा राजस्थान की कालबेलिया गैंग के आरोपियों की गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण भूमिका के लिए पुरस्कार हेतु चुना गया है।
वहीं निरीक्षक राजेंद्र सिंह चौहान, जो वर्तमान में पुलिस लाइन गुना में पदस्थ हैं और घटना के समय उप निरीक्षक के रूप में कार्यरत थे, को पारदी गिरोह द्वारा चोरी की गई लगभग 54 से 57 किलोग्राम चांदी के प्रकरण के उत्कृष्ट खुलासे के लिए चयनित किया गया है। मामले में बीलाखेड़ी गांव के एक खेत से चोरी की गई चांदी बरामद की गई थी।
सवर्ण आर्मी ने दोनों अधिकारियों की कर्तव्यनिष्ठा, साहस और उत्कृष्ट पुलिस कार्यवाही की सराहना करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां गुना जिले के लिए गौरव हैं।
सम्मान समारोह में सवर्ण आर्मी जिला अध्यक्ष विक्रम सिंह तोमर, नित्यानंद शास्त्री जी, निरंजन शर्मा, सचिन दीक्षित, दिलीप धाकड़, रजीक खान, राम सिंह राजपूत, सत्येंद्र सिंह राजपूत, मुकेश पाठक महेश शर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। संगठन की ओर से दोनों अधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य एवं निरंतर सफलता की कामना की गई।







