कोर्ट के सामने फायरिंग और अपहरण कांड में पुलिस का शिकंजा, 5 माह से फरार नकुल अन्नोटिया गिरफ्तार
कैंट थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई; तीन आरोपी पहले ही जा चुके हैं जेल, एक फरार आरोपी की तलाश जारी
गुना | द्वारका न्यूज़ | प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर

फायरिंग और अपहरण के सनसनीखेज मामले में कैंट थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब पांच माह से फरार चल रहे एक और आरोपी नकुल पुत्र संजय अन्नोटिया (24), निवासी कर्नेलगंज, गुना को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस की इस कार्रवाई से मामले में फरार आरोपियों पर शिकंजा और कस गया है।
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं प्रभारी सीएसपी आनंद राय के पर्यवेक्षण में कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव और उनकी टीम ने यह कार्रवाई की।
कोर्ट के सामने चली थी गोली, दो युवकों को जबरन ले गए थे
मामला 6 मई 2026 का है। फरियादी धनराज जाट, निवासी रसीद कॉलोनी गुना, ने कैंट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि हनुमान चौराहे के पास कोर्ट के सामने विवाद के दौरान आरोपियों ने उस पर पिस्तौल से फायरिंग की। गोली उसे नहीं लगी। इसके बाद आरोपियों ने हथियारों के बल पर उसके साथी दीपक ओझा और हेमंत राजपूत को जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाकर अपने साथ ले गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कैंट थाने में अपराध क्रमांक 327/26 के तहत बीएनएस एवं आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
30 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर दबोचा
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पहले ही अक्षत उर्फ अक्षय शुक्ला, संतोष धाकड़ और विशाल अन्नोटिया को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी थी। इसी दौरान 30 सितंबर 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कैंट पुलिस ने नकुल अन्नोटिया को गिरफ्तार कर लिया।
आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामले में एक अंतिम फरार आरोपी की तलाश अभी जारी है।
इनकी रही अहम भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अजयप्रताप सिंह, आरक्षक महेन्द्र वर्मा, ऋषभ शर्मा, मुलायम यादव एवं डेविड मिंज की महत्वपूर्ण भूमिका रही।







