गले में तख्ती, आंखों में आंसू… न्याय की गुहार लेकर कलेक्ट्रेट पहुंची रेप पीड़िता
द्वारका न्यूज़ प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर 6 अक्टूबर 2026

आरोपियों पर समझौते का दबाव बनाने और धमकाने का आरोप, जामनेर TI पर भी लगाए गंभीर आरोप
गुना। जिले में दुष्कर्म के एक मामले में पीड़िता ने आरोपियों पर केस में राजीनामा करने के लिए लगातार दबाव बनाने और धमकियां देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। न्याय की गुहार लेकर महिला अपने पति के साथ गले में तख्ती लटकाकर कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई में पहुंची और अधिकारियों को आवेदन सौंपकर सुरक्षा तथा निष्पक्ष जांच की मांग की।
पीड़िता के मुताबिक, वर्ष 2025 में उसके साथ दुष्कर्म की घटना हुई थी, जिसके बाद आरोपियों के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज कराया गया। आरोप है कि FIR दर्ज होने के बाद से ही आरोपी महिला और उसके परिवार पर लगातार समझौता करने का दबाव बना रहे हैं। महिला ने अभिषेक कलावत नामक व्यक्ति पर उसके पति को झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
TI पर पति को FIR में फंसाने का आरोप
पीड़िता ने जामनेर थाना प्रभारी मनोज मेहरा पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि थाना प्रभारी उसके पति के खिलाफ FIR दर्ज करने और उसे ‘गुंडा लिस्ट’ में शामिल करने की धमकी दे रहे हैं। पीड़िता के अनुसार, जब परिवार ने सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत की तो पुलिस अधिकारी नाराज हो गए और फरियादियों पर ही कार्रवाई की बात कही।
जनसुनवाई में मांगी सुरक्षा और निष्पक्ष जांच
पीड़िता ने प्रशासन से आरोपियों के दबाव और धमकियों से परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने, मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। महिला के कलेक्ट्रेट पहुंचने का यह मामला जनसुनवाई में चर्चा का विषय रहा।
- वहीं, जामनेर थाना प्रभारी मनोज मेहरा का कहना है कि मामला पुलिस के संज्ञान में है और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की जा रही है।







