*आगामी त्यौहारों के मद्देनजर शहर में शांति व सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के मार्गदर्शन में शहर में निकाला व्यापक पैदल मार्च*
द्वारका न्यूज़ नेशनल नेटवर्क
प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर
आगामी त्यौहारों के मद्देनजर कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति सुदृढ़ बनाए रखने तथा आम नागरिकों में सुरक्षा का भाव उत्पन्न करने के उद्देश्य से आज दिनांक 24 मार्च 2026 की शाम पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के निर्देशन एवं नेतृत्व में शहर के मुख्य मार्गों पर भव्य पैदल मार्च (फ्लेग मार्च) निकाला गया ।
यह पैदल मार्च गुना कोतवाली से प्रारंभ होकर सुगन चौराहा, बोहरा मस्जिद, ख्यावदा चौराहा, पठार मोहल्ला, बडे जैन मंदिर, रपटा, कर्नलगंज, प्रताप छात्रावास, शांति पब्लिक स्कूल, जगदीश कालोनी, हाट रोड, रपटा, सदर बाजार, सुगन चौराहा होते गुना कोतवाली पहुंचकर संपन्न हुआ ।
फ्लैग मार्च का उद्देश्य आमजन में सुरक्षा एवं विश्वास की भावना को और अधिक मजबूत करना, असामाजिक तत्वों को स्पष्ट एवं सख्त संदेश देना तथा त्यौहारों के दौरान शांति, सौहार्द एवं कानून व्यवस्था को बनाए रखना है। पर्व अवधि में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ रखने हेतु पुलिस द्वारा सतत निगरानी एवं गश्त की जा रही है । सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने थाना क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतें, सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अफवाहों पर कड़ी नजर रखें, संवेदनशील स्थानों पर पेट्रोलिंग बढ़ाएं तथा किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था प्रभावित न होने दें।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे आपसी भाईचारा एवं शांति बनाए रखें, अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक नागरिक सुरक्षित एवं निश्चिंत वातावरण में त्यौहार मना सके, यह सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है, जिसके लिए गुना पुलिस पूरी मुस्तैदी एवं सजगता के साथ तैनात है ।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मानसिंह ठाकुर, सीएसपी गुना श्रीमती प्रियंका मिश्रा, एसडीएम श्रीमती शिवानी पांडे, तहसीलदार श्री गौरीशंकर बैरवा, डीएसपी मुख्यालय श्री जमीलउद्दीन सिद्दकी, रक्षित निरीक्षक श्रीमती पूजा उपाध्याय, कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव, यातायात प्रभारी निरीक्षक अजय प्रताप सिंह, कोतवाली थाना प्रभारी सी.पी.एस. चौहान, अजाक थाना प्रभारी निरीक्षक ओमप्रकाश आर्य आदि सहित अन्य कई पुलिस अधिकारी, कर्मचारी शामिल रहे ।









