*गुना शहर में यातायात सुधार हेतु पैदल उतरी पुलिस, विशेष अभियान में अव्यवस्थाओं पर कड़ी कार्यवाही*🐯
द्वारका न्यूज़ नेशनल नेटवर्क
प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर
17 अप्रैल 2026
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के निर्देशन में जिले में पुलिस द्वारा व्यापक स्तर पर यातायात नियमों के प्रति जन-जागरूकता अभियान संचालित किए जा रहे है । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मान सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन तथा डीएसपी यातायात श्री मुकेश कुमार दीक्षित के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी यातायात निरीक्षक अजय प्रताप सिंह द्वारा दिनांक 16 अप्रैल 2026 को सायं 07:00 बजे से 09:00 बजे तक गुना शहर के प्रमुख मार्गों पर पैदल भ्रमण कर यातायात सुधार अभियान संचालित किया गया ।
अभियान के दौरान जयस्तंभ चौराहा, ओल्ड आरटीओ, होटल प्रेम, होटल ग्रीन, जज्जी बस स्टैंड, गुरुद्वारा, शास्त्री पार्क एवं लक्ष्मीगंज रोड जैसे व्यस्ततम एवं संवेदनशील मार्गों पर पैदल भ्रमण कर यातायात व्यवस्था का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया ।
पैदल भ्रमण के दौरान सड़क पर अव्यवस्थित एवं गलत तरीके से खड़े चार पहिया एवं दो पहिया वाहनों को हटवाया गया तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई। साथ ही मुख्य मार्गों पर रास्ता अवरुद्ध कर खड़े हाथ ठेलों को व्यवस्थित रूप से सड़क किनारे लगवाया गया एवं कुछ को मुख्य मार्ग से हटाकर कॉलोनियों के भीतर निर्धारित स्थानों की ओर स्थानांतरित किया गया जिससे यातायात सुचारु रूप से संचालित हो सके ।
थाना प्रभारी यातायात द्वारा व्यापारीगण, दुकानदारों एवं आम नागरिकों से अपील की गई कि वे सड़क पर वाहन अथवा हाथ ठेलों के माध्यम से सार्वजनिक मार्ग को अवरुद्ध न करें । यातायात नियमों का पालन करते हुए प्रशासन का सहयोग करें, ताकि शहर में जाम की समस्या से राहत मिल सके और आमजन को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन उपलब्ध हो सके । यह भी अवगत कराया गया कि शाम के समय इस प्रकार का पैदल भ्रमण एवं सख्त कार्यवाही आगे भी निरंतर जारी रहेगी, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके ।
गुना पुलिस आमजन की सुरक्षा, सुविधा एवं सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु सदैव प्रतिबद्ध एवं तत्पर है ।








