नशे के विरुद्ध गुना पुलिस का बड़ा प्रहार, 50 ग्राम स्मैक के साथ अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार
राजस्थान से स्मैक तस्करी की सूचना पर मृगवास पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 6 लाख का माल जब्त
द्वारका न्यूज़
गुना, 13 मई 2026।
गुना पुलिस द्वारा जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मृगवास थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 50.28 ग्राम स्मैक के साथ एक अंतर्राज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 6 लाख रुपये कीमत की स्मैक एवं तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के निर्देशन में चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मानसिंह ठाकुर के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी चांचौड़ा मनोज कुमार झा के पर्यवेक्षण में मृगवास थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार 12 मई 2026 की रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि राजस्थान के मानपुरा क्षेत्र से एक व्यक्ति पेशन प्रो मोटरसाइकिल क्रमांक RJ17 M 7814 से स्मैक लेकर बांसाहेड़ा होते हुए ग्राम जामोन्या जागीर की ओर आने वाला है। सूचना मिलते ही सानई चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक नीरज लोधी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अंडेरी नदी के पास हनुमान मंदिर के समीप नाकाबंदी की।
कुछ समय बाद मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए का व्यक्ति बाइक से आता दिखाई दिया, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम हरभजन पुत्र मथुरालाल मीना (45) निवासी ग्राम जामोन्या जागीर थाना मृगवास जिला गुना बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से 50.28 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी से करीब 5 लाख रुपये कीमत की स्मैक एवं 1 लाख रुपये कीमत की मोटरसाइकिल जब्त कर कुल 6 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया। आरोपी के विरुद्ध मृगवास थाने में अपराध क्रमांक 47/26 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपी के नेटवर्क एवं तस्करी से जुड़े अन्य स्रोतों की भी जांच कर रही है।
✍️ द्वारका न्यूज़ नेशनल नेटवर्क
प्रधान संपादक – विक्रम सिंह तोमर









