बजरंगगढ़ थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 60 लीटर कच्ची शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार
द्वारका न्यूज़
प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर
17 मई 2026
हत्या के प्रकरण में जमानत पर बाहर आया आरोपी फिर अवैध गतिविधियों में लिप्त मिला

गुना, 16 मई 2026। जिले में अवैध शराब कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बजरंगगढ़ थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 60 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पूर्व में हत्या के मामले में जेल जा चुका है और फिलहाल जमानत पर बाहर था।
पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मानसिंह ठाकुर के मार्गदर्शन एवं सीएसपी प्रियंका मिश्रा के पर्यवेक्षण में बजरंगगढ़ थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम गढ़ला गिर्द के पीछे जंगल क्षेत्र में एक व्यक्ति अवैध शराब बेचने के उद्देश्य से बैठा हुआ है।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी उपनिरीक्षक कृपाल सिंह परिहार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर आरोपी भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम धरमराज पुत्र राजमल पारदी (32) निवासी विश्वनगर थाना धरनावदा बताया।
पुलिस द्वारा जांच करने पर आरोपी के पास रखी दो प्लास्टिक कैनों में कुल 60 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब जप्त कर आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी धरमराज पारदी पूर्व में थाना धरनावदा क्षेत्र के मोहन पारदी हत्याकांड में भी आरोपी रह चुका है और जमानत पर बाहर आने के बाद पुनः अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाया गया।
इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक राजेश शुक्ला, दिलीप कलावत, मुन्ना सिंह, आरक्षक राजकुमार रघुवंशी, सूर्यप्रताप, महेश बंजारा, मुकेश वर्मा, रवि राठौर, अभयराज रघुवंशी तथा महिला आरक्षक सपना रघुवंशी एवं पूजा गुप्ता की सराहनीय भूमिका रही।









