केंट थाना पुलिस की सक्रियता, अपहृत नाबालिग बालिका सुरक्षित बरामद
राजगढ़ जिले के सुठालिया क्षेत्र से दस्तयाब, दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार कर भेजा जेल
द्वारका न्यूज़
प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर
गुना, 16 मई 2026। जिले में नाबालिगों के विरुद्ध अपराधों पर सख्त कार्रवाई करते हुए केंट थाना पुलिस ने अपहरण के एक मामले में त्वरित कार्यवाही कर 14 वर्षीय नाबालिग बालिका को सुरक्षित दस्तयाब कर लिया है। पुलिस ने मामले में आरोपी युवक को भी गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मानसिंह ठाकुर के मार्गदर्शन एवं सीएसपी प्रियंका मिश्रा के पर्यवेक्षण में केंट थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव एवं उनकी टीम ने यह कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार 12 मई 2026 को एक पिता ने अपनी 14 वर्षीय पुत्री के घर से लापता होने की रिपोर्ट केंट थाने में दर्ज कराई थी। इस पर पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 335/26 धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर बालिका की तलाश शुरू की।
लगातार प्रयासों और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस को बालिका के राजगढ़ जिले के सुठालिया क्षेत्र में होने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने सुठालिया पहुंचकर कार्रवाई करते हुए करीब चार दिन से लापता बालिका को सुरक्षित बरामद कर लिया।
पीड़िता ने बयान में बताया कि ग्राम महूगढ़ा निवासी दिनेश मोंगिया उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था और उसके साथ गलत कार्य किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 65(1), 64(2)(m) बीएनएस एवं 5एल/6 पॉक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ाते हुए आरोपी दिनेश पुत्र प्रकाश मोंगिया (21) निवासी ग्राम महूगढ़ा थाना धरनावदा को गिरफ्तार कर लिया।
केंट थाना पुलिस की इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव, उपनिरीक्षक ज्योति राजपूत, सउनि मिट्टूलाल विसोरिया, आरक्षक शुभम रघुवंशी एवं महिला आरक्षक सीमा चौहान की विशेष भूमिका रही।









