महंगाई और आर्थिक संकट पर दिग्विजय सिंह का केंद्र सरकार पर बड़ा हमला
द्वारका न्यूज़ नेशनल नेटवर्क
प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर
17 मई 2026
दिग्विजय सिंह ने देश में बढ़ती महंगाई और आर्थिक संकट को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भारत में मौजूदा आर्थिक संकट की बड़ी वजह मोदी सरकार में नेतृत्व संकट, दूरदर्शी सोच का अभाव और आर्थिक नीतियों की विफलता है।
शनिवार सुबह सोशल मीडिया पर किए गए पोस्ट में दिग्विजय सिंह ने कहा कि देश की जनता को यह समझना होगा कि अंतरराष्ट्रीय ईंधन संकट के साथ-साथ केंद्र सरकार की नीतियां भी महंगाई के लिए जिम्मेदार हैं। उन्होंने पेट्रोल, डीजल और एलपीजी के लगातार बढ़ते दामों को आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बताया।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि डीजल के दाम बढ़ने का सीधा असर किसानों, उद्योगों, परिवहन और घरेलू बजट पर पड़ता है, जिससे हर वर्ग प्रभावित हो रहा है। उन्होंने पश्चिम एशिया युद्ध का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि संकट की शुरुआत में सरकार ने स्थिति को गंभीरता से नहीं लिया और समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए।
दिग्विजय सिंह ने केंद्र सरकार से सवाल करते हुए कहा कि जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम कम थे, तब सरकार ने जनता को राहत देने के बजाय करों के जरिए भारी कमाई की। अब बढ़ती महंगाई का बोझ आम जनता पर क्यों डाला जा रहा है।









