भोपाल में चर्चित मॉडल ट्विशा शर्मा मौत मामले में बड़ा घटनाक्रम
फरार पति समर्थ सिंह गिरफ्तार, हाई कोर्ट के निर्देश पर होगा दोबारा पोस्टमॉर्टम
भोपाल। मॉडल और एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में बड़ा मोड़ सामने आया है। पिछले 10 दिनों से फरार चल रहे पति समर्थ सिंह को पुलिस ने गुरुवार को जबलपुर कोर्ट परिसर के पास से हिरासत में ले लिया। जानकारी के अनुसार समर्थ सिंह अदालत में सरेंडर करने पहुंचे थे, लेकिन पुलिस पहले से अलर्ट थी और उन्हें वहीं से पकड़ लिया गया।
बताया जा रहा है कि गिरफ्तारी से बचने और पहचान छिपाने के लिए समर्थ सिंह ने मास्क, टोपी और चश्मे का सहारा लिया था। पुलिस अब उन्हें भोपाल लेकर आ रही है, जहां SIT उनसे पूछताछ करेगी।
गौरतलब है कि 33 वर्षीय ट्विशा शर्मा 12 मई 2026 को भोपाल के कटारा हिल्स स्थित अपने ससुराल में मृत पाई गई थीं। इस मामले में मृतका के परिवार ने पति समर्थ सिंह और सास, रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह पर दहेज प्रताड़ना और मानसिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने परिवार की शिकायत पर FIR दर्ज कर जांच शुरू की थी।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस द्वारा विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है, जो हर एंगल से जांच कर रहा है। वहीं, मध्यप्रदेश हाई कोर्ट ने मृतका के परिजनों की मांग स्वीकार करते हुए दोबारा पोस्टमॉर्टम कराने के निर्देश दिए हैं। यह पोस्टमॉर्टम दिल्ली AIIMS की विशेषज्ञ टीम की निगरानी में भोपाल में ही कराया जाएगा।
इस हाई-प्रोफाइल मामले ने प्रदेशभर में सनसनी फैला दी है और सोशल मीडिया पर भी न्याय की मांग तेज हो गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे और महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।
✍️ प्रधान संपादक – विक्रम सिंह तोमर
द्वारका न्यूज़ नेशनल नेटवर्क









