रतलाम में गौ-अवशेष मिलने पर बवाल, पांच घंटे चक्काजाम
द्वारका न्यूज़ प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर
जिला संवाददाता राजीव विजय
28/052026
रतलाम। शहर के राजीव गांधी सिविक सेंटर क्षेत्र में गुरुवार को गाय का कटा सिर और अन्य गौ-अवशेष मिलने से तनाव की स्थिति बन गई। घटना की जानकारी मिलते ही हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
नाराज कार्यकर्ताओं ने सड़क पर बैठकर करीब पांच घंटे तक चक्काजाम किया तथा प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान गौ-अवशेष सड़क पर रखकर विरोध जताया गया और हनुमान चालीसा का पाठ भी किया गया।
विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि जिले में लगातार इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन प्रशासन और पुलिस प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की।
कुछ गौ-रक्षा कार्यकर्ताओं ने यह भी दावा किया कि उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं। वहीं नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा गया कि पकड़े गए गोवंश को अव्यवस्थित तरीके से छोड़े जाने से समस्याएं बढ़ रही हैं।
प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद मामला शांत कराया गया।









