गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग तेज, कलेक्टर के माध्यम से राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री को भेजा ज्ञापन
द्वारका न्यूज़
गुना 1 जून 2026
गुना। सवर्ण आर्मी के जिला अध्यक्ष विक्रम सिंह तोमर ने कलेक्टर गुना के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि गाय भारतीय संस्कृति, आस्था और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है तथा उसे राष्ट्रीय पशु का दर्जा दिया जाना चाहिए।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि देश के विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक वर्गों द्वारा समय-समय पर इस मांग का समर्थन किया गया है। उनका कहना है कि यदि बाघ को राष्ट्रीय पशु का दर्जा प्राप्त है, तो करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़ी गाय को भी यह सम्मान मिलना चाहिए।
विक्रम सिंह तोमर ने कहा कि गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित किए जाने से गौवंश संरक्षण को मजबूती मिलेगी, अवैध तस्करी पर अंकुश लगेगा तथा देशी नस्लों के संरक्षण और संवर्धन को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने केंद्र सरकार से इस विषय पर सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की है।
ज्ञापन की प्रतिलिपि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री मोहन यादव को भी प्रेषित की गई है।
✍️ विक्रम सिंह तोमर
जिला अध्यक्ष, सवर्ण आर्मी, गुना।









