मुनि पुंगव 108 श्री सुधासागर महाराज जी के सान्निध्य में माहेश्वरी समाज ने लिया आशीर्वाद
द्वारका न्यूज़
प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर
जिला संवाददाता महेंद्र कुमार महेश्वरी
गुना, 5 जून। नगर के नसियाजी परिसर में श्री माहेश्वरी समाज, गुना के सदस्यों ने परम पूज्य मुनि पुंगव सुधासागर महाराज के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर समाज के पदाधिकारियों एवं समाजबंधुओं ने एकत्रित होकर धर्म लाभ लिया तथा समाज की एकता, संगठन और उन्नति के लिए मंगलकामनाएं कीं।
मुनिश्री ने अपने आशीर्वचन में समाज को आपसी सद्भाव, संस्कारों एवं धर्म के मार्ग पर चलकर निरंतर प्रगति करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि संगठित समाज ही विकास और सफलता की नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर सकता है।
कार्यक्रम में श्री माहेश्वरी समाज के अध्यक्ष नरेंद्र माहेश्वरी, सचिव कृष्ण दास राठी सहित समाज के अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने मुनिश्री के सान्निध्य में आध्यात्मिक ऊर्जा प्राप्त करते हुए समाज की मजबूती, सामाजिक समरसता और भावी पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रार्थना की।
समारोह का वातावरण श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उल्लास से परिपूर्ण रहा। समाज के सदस्यों ने मुनिश्री के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए उनके आशीर्वाद को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।









