जनसुनवाई में एसपी हितिका वासल ने सुनीं लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
गुना। पुलिस कंट्रोल रूम सभागार में आयोजित जनसुनवाई में पुलिस अधीक्षक ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की शिकायतें एवं समस्याएं सुनीं। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मानसिंह ठाकुर, सीएसपी प्रियंका मिश्रा सहित जिले के कई राजपत्रित अधिकारी एवं थाना प्रभारी मौजूद रहे।
जनसुनवाई के दौरान एसपी वासल ने प्रत्येक आवेदक की शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित, निष्पक्ष और समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आमजन की शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा हर प्रकरण में संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कर पुलिस व्यवस्था के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत बनाया जाए।









