भारत का ऐतिहासिक विजय अभियान: अफगानिस्तान को पारी और 300 रन से रौंदा
द्वारका न्यूज़ स्पेशल नेटवर्क
प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर
जिला संवाददाता संदेश झा

स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय क्रिकेट टीम ने अफगानिस्तान के खिलाफ खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए पारी और 300 रन के विशाल अंतर से जीत दर्ज की। न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर स्थित महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले का परिणाम तीसरे दिन ही निकल गया।
भारत ने अपनी पहली पारी 8 विकेट पर 564 रन बनाकर घोषित की थी। इसके जवाब में अफगानिस्तान की पहली पारी महज 152 रन पर सिमट गई। फॉलोऑन खेलने उतरी अफगान टीम दूसरी पारी में भी भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 9 विकेट पर 112 रन ही बना सकी। टीम का अंतिम बल्लेबाज बल्लेबाजी के लिए मैदान पर नहीं उतर पाया, जिसके साथ ही भारत ने मुकाबला अपने नाम कर लिया।
अफगानिस्तान की दूसरी पारी में केवल तीन बल्लेबाज ही दहाई का आंकड़ा पार कर सके। सेदिकुल्लाह अटल ने सर्वाधिक 42 रन बनाए, जबकि रहमानुल्लाह गुरबाज ने 24 और रहमत शाह ने 13 रन का योगदान दिया। बाकी बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजी आक्रमण के सामने संघर्ष करते नजर आए।
भारतीय गेंदबाजों में वाशिंगटन सुंदर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट झटके। कुलदीप यादव ने 3 विकेट हासिल किए, जबकि मानव सुथार और मोहम्मद सिराज को 1-1 सफलता मिली।
इस जीत के साथ भारत ने टेस्ट में अपनी ताकत का एक बार फिर शानदार प्रदर्शन किया और अफगानिस्तान को पूरी तरह एकतरफा मुकाबले में मात दी। बल्लेबाजी, गेंदबाजी और रणनीति—तीनों विभागों में भारत का दबदबा देखने को मिला।








