रीवा बाईपास पर दर्दनाक हादसा: नगर निगम के कचरा वाहन ने बाइक सवार तीन युवकों को मारी टक्कर, एक की मौत, दो गंभीर
द्वारका न्यूज़
प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर
29 जून 2026

रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा-मनगवां मार्ग पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। रायपुर कर्चुलियान बाईपास पर नगर निगम के तेज रफ्तार कचरा वाहन ने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने वाहन को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीनों युवक एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर कहीं जा रहे थे। इसी दौरान रायपुर कर्चुलियान बाईपास पर सड़क पार करते समय सामने से आ रहे नगर निगम के कचरा वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। बताया जा रहा है कि वाहन तेज रफ्तार में था और चालक की लापरवाही के कारण हादसा हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार युवक उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए संजय गांधी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, मृतक युवक की शिनाख्त की कोशिश की जा रही है। वहीं, हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।







