डायबिटीज में फल दुश्मन नहीं, सही चुनाव से रह सकता है ब्लड शुगर कंट्रोल
द्वारका न्यूज़
प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर
30 जून 2026
नई दिल्ली। देश में तेजी से बढ़ रही डायबिटीज की समस्या के बीच खानपान को लेकर कई तरह की धारणाएं सामने आती रहती हैं। इनमें सबसे आम सवाल यह है कि क्या डायबिटीज मरीजों को फल खाना चाहिए या नहीं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि डायबिटीज में फल पूरी तरह छोड़ना जरूरी नहीं है, बल्कि सही फलों का चयन करना अधिक महत्वपूर्ण है।
देश में डायबिटीज के बढ़ते मामलों ने चिंता बढ़ा दी है। इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (ICMR) की स्टडी के अनुसार भारत में लगभग 10.1 करोड़ लोग डायबिटीज से पीड़ित हैं, जबकि करीब 13.6 करोड़ लोग प्रीडायबिटिक श्रेणी में हैं। यानी बड़ी आबादी भविष्य में इस बीमारी की चपेट में आ सकती है।
विशेषज्ञों के अनुसार कम ग्लाइसेमिक इंडेक्स वाले फल जैसे सेब, अमरूद, नाशपाती, संतरा और बेरीज शरीर के लिए फायदेमंद हो सकते हैं। वहीं अत्यधिक मीठे या ज्यादा मात्रा में खाए जाने वाले फलों को लेकर सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है। साथ ही पैकेज्ड फ्रूट जूस और अतिरिक्त शुगर वाले उत्पादों से दूरी बनाने की भी सलाह दी गई है।
विशेषज्ञों का मानना है कि बदलती जीवनशैली, अनियमित खानपान और शारीरिक गतिविधियों में कमी डायबिटीज के बढ़ते मामलों की बड़ी वजह बन रही है। ऐसे में संतुलित आहार और नियमित स्वास्थ्य जांच बेहद जरूरी हो गई है।






