🚨 दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार XUV ट्रक में घुसी, पांच युवकों की मौत
जन्मदिन मनाकर लौट रहे थे सभी दोस्त, एक गंभीर घायल; हाईवे पर मचा कोहराम
मेहर/सतना | द्वारका न्यूज़ नेशनल नेटवर्क
प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर
मध्य प्रदेश के मेहर जिले में सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात एक भीषण सड़क हादसे में पांच युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा नेशनल हाईवे-30 पर नादन देहात थाना क्षेत्र के रिगरा गांव के पास रात करीब 2 बजे हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार महिंद्रा XUV-700 आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार छह युवक बुरी तरह फंस गए। सूचना मिलते ही डायल-112, हाईवे पेट्रोलिंग, पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद सभी युवकों को बाहर निकाला गया, लेकिन पांच की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि एक युवक को गंभीर हालत में अस्पताल भेजा गया।

बताया जा रहा है कि सभी युवक अमरपाटन जनपद उपाध्यक्ष मनोज पटेल का जन्मदिन मनाकर लौट रहे थे।
मृतकों की पहचान
- अंकुर पटेल (40)
- मुदुल पटेल (32)
- विजय पटेल (30)
- हरिशंकर पटेल (25)
- शिवा पटेल (23)
एक युवक गंभीर रूप से घायल
हादसे में घायल ओम पटेल को पहले अमरपाटन अस्पताल और बाद में गंभीर हालत में सतना मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
ट्रक चालक का बयान
ट्रक चालक के अनुसार ट्रक लगभग 40-45 किमी/घंटा की रफ्तार से चल रहा था, जबकि XUV काफी तेज गति में थी और अचानक पीछे से आकर ट्रक से टकरा गई।
पुलिस जांच जारी
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है।
✍️ द्वारका न्यूज़ नेशनल नेटवर्क
“हर खबर, आपके साथ”






