गुना में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट बनेगा जनआंदोलन, कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने बनाई नई रणनीति
द्वारका न्यूज़ प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर
गुना | 14 जुलाई 2026

गुना जिले में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट) को जनभागीदारी के साथ जनआंदोलन का रूप देने की दिशा में जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुरूप मल्टी-टायर्ड मॉनिटरिंग टास्क फोर्स के गठन और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 के प्रभावी क्रियान्वयन की नियमित समीक्षा का निर्णय लिया गया।
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक की भागीदारी से ही सफल हो सकती है। उन्होंने घर-घर गीले, सूखे और ई-वेस्ट को अलग-अलग एकत्र करने, सिंगल यूज प्लास्टिक पर सख्ती से रोक लगाने और पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने के निर्देश दिए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पॉलीथिन के उपयोग पर पहली बार 1,000 रुपये और दोबारा उल्लंघन पर 5,000 रुपये तक का जुर्माना लगाया जाएगा। हाल ही में पॉलीथिन परिवहन करने वाले एक ट्रक पर 50 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया।
बैठक में धार्मिक स्थलों की स्वच्छता, सफाई मित्रों की सुरक्षा और उत्कृष्ट कार्य करने वाले सफाई कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने पर भी विशेष जोर दिया गया। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के सुझावों के आधार पर जिले में स्वच्छता अभियान को और प्रभावी बनाने की रणनीति तैयार की गई।






