गुना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: टकोदिया हिंसा कांड का फरार आरोपी गिरफ्तार, बलवा-तोड़फोड़ मामले में भेजा गया जेल
द्वारका न्यूज़
प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर
गुना | 15 जुलाई 2026
गुना जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत फतेहगढ़ थाना पुलिस ने बलवा, तोड़फोड़ और मारपीट के चर्चित मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। करीब दो सप्ताह से फरार चल रहे मुख्य आरोपियों में शामिल शिवचरण उर्फ शिब्बू गुर्जर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। मामले के अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी विवेक अष्ठाना के पर्यवेक्षण में फतेहगढ़ थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अभिषेक तिवारी की टीम ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, 30 जून 2026 को राजस्थान के बारां जिले के ग्राम छतरपुरा के आरोपियों ने फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम टकोदिया में एक घर में घुसकर महिलाओं से अभद्रता, मारपीट और बोलेरो वाहन, मोटरसाइकिल, कूलर, पंखे सहित अन्य सामान में तोड़फोड़ की थी। इसके बाद गांव के एक अन्य व्यक्ति के घर में घुसकर भी हमला किया गया था। इस मामले में विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने फरार आरोपी शिवचरण उर्फ शिब्बू गुर्जर (38) निवासी ग्राम छतरपुरा, थाना बापचा, जिला बारां (राजस्थान) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज हैं और वह अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त रहा है।






