द्वारका न्यूज
प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर
23 जुलाई 2026
संसद के बाहर NDA और INDIA गठबंधन आमने-सामने, प्रियंका गांधी को सुरक्षा कर्मियों ने रोका, हंगामे के बीच लोकसभा शुक्रवार तक स्थगित
NEET पेपर लीक को लेकर विपक्ष का प्रदर्शन, NDA सांसदों ने भी किया जवाबी विरोध; संसद परिसर में दिनभर गूंजे नारे
नई दिल्ली | द्वारका न्यूज़ नेशनल नेटवर्क
संसद के मानसून सत्र के चौथे दिन गुरुवार को संसद भवन के बाहर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जबरदस्त राजनीतिक टकराव देखने को मिला। एक ओर INDIA गठबंधन के नेताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया, वहीं दूसरी ओर NDA सांसदों ने भी जवाबी विरोध प्रदर्शन कर माहौल को गर्मा दिया।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव समेत विपक्षी सांसदों ने NEET पेपर लीक मामले को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराई।
प्रदर्शन के दौरान प्रियंका गांधी नारे लगाते हुए NDA सांसदों के करीब पहुंच गईं। स्थिति को देखते हुए सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप किया और उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। इस दौरान दोनों पक्षों के सांसदों ने एक-दूसरे के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
संसद के भीतर भी लगातार हंगामा जारी रहा। शोर-शराबे और विपक्ष के विरोध के कारण पहले लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित की गई। इसके बाद कार्यवाही शुरू होते ही फिर से हंगामा होने पर लोकसभा की कार्यवाही शुक्रवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। राज्यसभा की कार्यवाही भी बाधित रही।
संसद के बाहर और भीतर हुए इस राजनीतिक गतिरोध के चलते मानसून सत्र का चौथा दिन पूरी तरह हंगामेदार रहा।






