लखीसराय अशोकधाम मंदिर में भगदड़: 7 श्रद्धालुओं की मौत, 12 से ज्यादा घायल; हाईटेंशन तार गिरने के बाद मची अफरा-तफरी
द्वारका न्यूज़
प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर
18 अगस्त 2026
लखीसराय। सावन की तीसरी सोमवारी पर बिहार के लखीसराय स्थित प्रसिद्ध अशोकधाम (इंद्रदमनेश्वर महादेव) मंदिर में जलाभिषेक के लिए उमड़ी भारी भीड़ के बीच सोमवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। मंदिर परिसर के पास हाईटेंशन तार गिरने और इसके बाद मची अफरा-तफरी में भगदड़ की स्थिति बन गई। हादसे में 7 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार श्रद्धालु ट्रेन से उतरने के बाद मंदिर में प्रवेश के लिए कतार में लगे थे। इसी दौरान बिजली का पोल टूट गया। मंदिर गेट के पास लगी बांस की बैरिकेडिंग पर भीड़ का दबाव बढ़ा और कुछ लोगों के जबरन आगे बढ़ने की कोशिश के बीच बैरिकेडिंग टूट गई। इसके बाद श्रद्धालु एक-दूसरे के ऊपर गिरने लगे।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक सुबह करीब 6:40 बजे 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन तार गिरा, जिसके बाद करंट और अफरा-तफरी से हालात बिगड़ गए। पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया और मंदिर परिसर को खाली कराया गया।
सावन की सोमवारी पर हुई इस घटना से इलाके में शोक की लहर है। प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया है।





