एक करोड़ की गेहूं धोखाधड़ी: सोलापुर से आरोपी गिरफ्तार, 19 लाख रुपये के बैंक खाते फ्रीज

गुना। नानाखेड़ी कृषि उपज मंडी के गल्ला व्यापारियों से 1.02 करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी के मामले में कैंट थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी सुनील शंकर पवार (45), निवासी सोलापुर, महाराष्ट्र को सोलापुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर बालाजी ट्रेडिंग कंपनी के नाम से व्यापार करते हुए विभिन्न व्यापारियों से बड़ी मात्रा में गेहूं खरीदने और भुगतान की शेष राशि नहीं देने का आरोप है। शिकायतों के आधार पर कुल 1,02,78,889 रुपये की धोखाधड़ी सामने आई। पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के निर्देश पर टीम ने तकनीकी जानकारी के आधार पर आरोपी को महाराष्ट्र से पकड़ा। जांच में आरोपी के बैंक खातों में मौजूद 19 लाख रुपये फ्रीज कराए गए हैं। पुलिस अब लेन-देन, धोखाधड़ी की रकम और अन्य संपत्तियों की जांच कर रही है। कार्रवाई में कैंट थाना प्रभारी अनूप कुमार भार्गव सहित पुलिस एवं साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।









