घायल हिरण के बच्चे को डायल-112 जवानों ने बचाया
द्वारका न्यूज़ गुना
कुत्ते के हमले में घायल हिरण को वन विभाग के सुपुर्द किया गया
गुना, 11 मई 2026।
गुना जिले के आरोन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चितावर में घायल हिरण के बच्चे को डायल-112 पुलिस जवानों ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित बचाकर वन विभाग के सुपुर्द किया। पुलिस की इस संवेदनशील कार्यवाही की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, जंगल से अपने झुंड से बिछड़कर एक हिरण का बच्चा ग्राम चितावर पहुंच गया था, जहां कुत्तों के हमले में वह घायल हो गया। घटना की सूचना दोपहर करीब 1 बजे राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल को दी गई, जिसके बाद तत्काल सहायता के लिए आरोन थाना क्षेत्र में तैनात एफआरवी वाहन को मौके पर रवाना किया गया।
मौके पर पहुंचे डायल-112 स्टाफ आरक्षक जितेंद्र यादव एवं पायलट विजय रघुवंशी ने घायल हिरण के बच्चे को सुरक्षित अपने कब्जे में लिया और प्राथमिक संरक्षण देते हुए एफआरवी वाहन से वन केंद्र आरोन पहुंचाया।
इसके बाद हिरण के बच्चे को उपचार एवं देखरेख के लिए वन विभाग के अधिकारियों को सुपुर्द किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस की तत्परता और वन्यजीव संरक्षण के प्रति संवेदनशीलता की ग्रामीणों ने प्रशंसा की है।
✍️ प्रधान संपादक – विक्रम सिंह तोमर
द्वारका न्यूज़ नेशनल नेटवर्क









