राघौगढ़ में दो बाइकों की भिड़ंत, दंपति घायल
डायल-112 जवानों ने तत्परता दिखाकर अस्पताल पहुंचाया
द्वारका न्यूज़
गुना, 12 मई 2026।
गुना जिले के राघौगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत बरखेड़ा के पास पीपलखेड़ा रोड पर दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर में एक दंपति घायल हो गया। सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर मानवता का परिचय दिया।
जानकारी के अनुसार, घटना की सूचना सुबह 9:32 बजे राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल को प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही राघौगढ़ थाना क्षेत्र में तैनात एफआरवी वाहन को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
मौके पर पहुंचे डायल-112 स्टाफ सैनिक भांवर सिंह एवं पायलट राजकुमार मीणा ने देखा कि दो मोटरसाइकिलों की टक्कर में एक दंपति घायल अवस्था में सड़क पर पड़े हुए थे।
डायल-112 जवानों ने तत्परता दिखाते हुए घायल दंपति को एफआरवी वाहन की सहायता से तत्काल शासकीय अस्पताल राघौगढ़ पहुंचाया, जहां उनका उपचार किया गया।
समय पर मिली पुलिस सहायता के चलते घायलों को शीघ्र उपचार मिल सका। स्थानीय लोगों ने डायल-112 टीम की तत्परता एवं सेवा भावना की सराहना की।
✍️ प्रधान संपादक – विक्रम सिंह तोमर
द्वारका न्यूज़ नेशनल नेटवर्क









