जमीन विवाद में आदिवासी किसान की गोली मारकर हत्या, ग्रामीणों का उग्र प्रदर्शन
द्वारका न्यूज़
23 मई 2026
श्योपुर जिले के कराहल क्षेत्र में जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया। शनिवार शाम गंगाराम आदिवासी नामक किसान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और गुस्साए ग्रामीणों ने थाने का घेराव कर हाईवे पर जाम लगा दिया।

जानकारी के अनुसार गंगाराम आदिवासी अपने खेत पर काम कर रहे थे, तभी स्कॉर्पियो वाहन से पहुंचे करीब 10 से 12 हमलावरों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। गंभीर रूप से घायल किसान की मौके पर ही मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी में मामला जमीन कब्जे और सीमांकन विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। हाल ही में राजस्व विभाग द्वारा जमीन का सीमांकन भी किया गया था, लेकिन विवाद खत्म नहीं हुआ।
घटना से आक्रोशित ग्रामीण बड़ी संख्या में कराहल थाने पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस वाहनों में तोड़फोड़ की गई तथा श्योपुर-शिवपुरी हाईवे पर शव रखकर चक्का जाम किया गया।
स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। वरिष्ठ अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और आरोपियों की तलाश जारी है।
✍️ प्रधान संपादक – विक्रम सिंह तोमर
द्वारका न्यूज़ नेशनल नेटवर्क









