20 रुपये के नकली सिक्कों का ‘करोड़ों’ का खेल! सहारनपुर में गैंग का भंडाफोड़, 5 गिरफ्तार
पुलिस का दावा—मार्केट में खपा चुके हैं 70 करोड़ रुपये से ज्यादा कीमत के नकली कॉइन
द्वारका न्यूज़ प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर | 13 सितंबर 2026
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में पुलिस ने नकली सिक्के बनाने वाले एक बड़े गिरोह का कथित तौर पर पर्दाफाश किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी 20 रुपये के नकली सिक्के तैयार कर उन्हें बाजार में खपाने का काम कर रहे थे। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गिरोह से जुड़े पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस का दावा है कि यह गैंग लंबे समय से नकली सिक्कों के कारोबार में सक्रिय था और अब तक 70 करोड़ रुपये से अधिक कीमत के नकली सिक्के बाजार में खपा चुका है। इतनी बड़ी रकम के नकली सिक्कों के बाजार में पहुंचने की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
ये आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उपकार लूथरा, हिमांशु उर्फ गुल्लू, कुलदीप, संतोष चौरसिया और अनुराग पाल के रूप में हुई है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह नकली सिक्के कहां तैयार करता था, इन्हें बाजार तक कैसे पहुंचाया जाता था और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।








