भोपाल जाने से पहले पकड़ा गया गांजा तस्कर, 1.91 किलो माल बरामद
फतेहगढ़ पुलिस की घेराबंदी में अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार, बाइक समेत ₹1.30 लाख का मशरूका जब्त
द्वारका न्यूज़ | प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर
गुना | 13 सितंबर 2026
गुना। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ गुना पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। फतेहगढ़ थाना पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए एक संदिग्ध अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1.910 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने गांजे और तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित करीब 1.30 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, 12 सितंबर की रात फतेहगढ़ पुलिस टीम इलाके में भ्रमण कर रही थी। इसी दौरान ग्राम कोहन के रास्ते पर एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से संदिग्ध हालत में थैला लेकर आता दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही वह भागने लगा। संदेह होने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विनोद पुत्र रामकरण सहरिया (35), निवासी प्रेमपुरा बजरंगगढ़, थाना नाहरगढ़, जिला बारां, राजस्थान बताया। तलाशी में उसके थैले से 1.910 किलो गांजा मिला।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस तस्करी से जुड़े अन्य संपर्कों और नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी अभिषेक तिवारी सहित फतेहगढ़ पुलिस टीम एवं साइबर सेल के जवानों की विशेष भूमिका रही।








