भाई-बहन की दर्दनाक मौत से पसरा मातम
परीक्षा देकर लौट रहे सगे भाई-बहन को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
द्वारका न्यूज़
आरोन (गुना), 15 मई।
गुना जिले के आरोन क्षेत्र से गुरुवार शाम एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। सिरसी ढिमरयाई रोड पर एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार सगे भाई-बहन को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महुआ खेड़ा निवासी 22 वर्षीय शिवानी कोरी आरोन कॉलेज में बीए की छात्रा थी। गुरुवार को उसका परीक्षा पेपर था, जिसके लिए उसका छोटा भाई विपिन कोरी (18) उसे बाइक से आरोन लेकर आया था। परीक्षा समाप्त होने के बाद दोनों भाई-बहन वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान सिरसी ढिमरयाई रोड पर एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों भाई-बहन ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने डायल-112 और पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुँची और दोनों को आरोन अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। वहीं पुलिस अज्ञात वाहन और चालक की तलाश में जुट गई है।
इस दर्दनाक हादसे ने एक ही परिवार के दो चिराग बुझा दिए। गांव महुआ खेड़ा में मातम का माहौल है और हर आंख नम दिखाई दे रही है।
✍️ द्वारका न्यूज़ नेशनल नेटवर्क
प्रधान संपादक – विक्रम सिंह तोमर









