युवा संगम, जिला स्तरीय रोजगार व स्वरोजगार कार्यक्रम हुआ संपन्न
प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर
- द्वारका न्यूज़ बना
विभिन्न विभागों के 955 हितग्राहियों को04 करोड़ 96 लाख का किया गया हितलाभ वितरण
निजी क्षेत्र की 11 कंपनियों द्वारा 397 से अधिक युवाओं का किया गया प्रारम्भिक चयन
युवा संगम कार्यक्रम में भागीदारी करने वाले कर्मचारियों और सफल उद्यमियों का किया गया सम्मान
गुना 28 मई 2025
मध्यप्रदेश शासन निर्देशानुसार सूक्ष्म,लघु एवं मध्य उद्यम तथा कौशल विकास एवं रोजगार विभाग तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के समन्वय से युवाओं के लिए स्वरोजगार, रोजगार और अप्रेंटिशिप के लिए अवसर प्रदान करने के लिए कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशन में जिला प्रशासन गुना द्वारा युवा संगम के अंतर्गत बुधवार को जिला स्तरीय रोजगार एवं स्वरोजगार कार्यक्रम का सातवां आयोजन स्थानीय जिला पंचायत विश्राम गृह गुना में आयोजित किया गया। शासन के निर्देशानुसार सतत जिले में रोजगार और स्वरोजगार के लिए निरन्तर कार्य किये जा रहे हैं।
आज के कार्यक्रम में अतिथि के रूप में गुना नगर पालिका उपाध्यक्ष धर्म सोनी, श्री विकास जैन नखराली, जनप्रतिनिधि श्री रमेश मालवीय ने रोजगार मेले में सम्मिलित होकर युवाओं को संबोधित कर हितग्राहियों का मार्गदर्शन कर उन्हें बधाई शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम में कलेक्टर प्रतिनिधि के रूप में अपर कलेक्टर श्री अखिलेश जैन,कार्यक्रम के नोडल अधिकारी अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिपं श्री विशाल सिंह के सानिध्य में अतिथियों द्वारा युवा संगम कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित स्वरोजगार योजनाओं के 955 हितग्राहियों को 04 करोड़ 96 लाख का हितलाभ का वितरण किया गया। इसके अतिरिक्त मत्स्य पालन के लिए 3 हितग्राहियों को तालाब/जलाशय पट्टा वितरित किये गए।
इससे पूर्व कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मंचासीन अतिथियों द्वारा मां सरस्वती जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ आरंभ किया गया। अतिथियों द्वारा युवा संगम में आए युवाओं को संबोधित कर हितलाभ वितरण और कम्पनियों के ऑफर लेटर वितरण कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
निजी क्षेत्र की 11 कंपनियों द्वारा 397 से अधिक युवाओं का किया गया प्रारंभिक चयन
आज युवा संगम कार्यक्रम में 574 आकांक्षी युवक-युवतियों द्वारा पंजीयन कराया। निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर देने के उद्देश्य से निजी क्षेत्र की 11 कंपनियों द्वारा 397 युवक-युवतियों का प्रारंभिक चयन किया गया। मौके पर अतिथियों द्वारा चयनित युवक-युवतियों में से 237 को ऑफर लेटर का वितरण किया गया।
निजी क्षेत्र की इन कंपनियों ने की भागीदारी
चेकमेट सिक्योरिटी गुजरात, आईईईएसए एजेंसी गुना,गोल्डन फार्मर ऑर्गेनिक एग्रीकल्चर प्रा.लि. सागर, सिक्योरिटी एंड इंटेलिजेंस सर्विस अनूपपुर, बजाज एलियांज गुना, आमधानी प्रा.लिमि. अहमदाबाद, सिएट एजुसीस भोपाल, यशस्वी ग्रुप भोपाल, एल जी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया प्रा. लिमि. भोपाल, ड्रीम लाइन इंटरप्राइजेज ग्वालियर,एटूजेड ऑटो प्रा. गुना आदि ने उपस्थित होकर युवाओं साक्षात्कार के माध्यम से चयन किया
स्वरोजगार योजनाओं के इन हितग्राहियो को मौके पर किया गया हितलाभ वितरण
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका के समीक्षा समूह, मावन को 6 लाख, गौरी समूह मावन को 3 लाख रुपए एवं पूनम समूह, उकावाद को 2.5 लाख का सीसीएल वितरण किया गया। उद्योग विभाग की मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना में नीरज शर्मा को ₹8 लाख तथा उद्यानकी विभाग की पीएमएफएमई में श्री बृजेश जाटव पारकना को 4.15 लाख, श्रीमती रचना बाई झा रामनगर को 3.55 लाख एवं श्रीमती अनीता मोंगिया जनकपुर को 3.55 लाख का मौके पर ही हितलाभ वितरण किया गया। मत्स्य विभाग की ओर से श्री बनवारी लाल अध्यक्ष मां शेरावाली मछुआ सहकारी समिति, खनपुरिया एवं श्री राजू सेलर अध्यक्ष प्रस्तावित केवट राज मछुआ सहकारी समिति ग्राम बिरयाई एवं श्री आलम सिंह अध्यक्ष मछुआ समूह डिंडोली को तालाब/ जलाशय का मत्स्य पालन पट्टा आदेश वितरण किया गया। प्रधानमंत्री विश्वकर्म योजना में गोलू, सतीश लोधा, गोपाल कर्णधार को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
युवा संगम में सक्रिय भागीदारी करने वाले विभागो कर्मचारियों और सफल उद्यमियों का किया गया सम्मान
कार्यक्रम में सफल उद्यमी और आजीविका मिशन की बहनें किरण अहिरवार, ममता अहिरवार एवं रेखा स्व-सहायता समूह के रूप में अपने अनुभव साझा किए। इस अवसर पर उद्यमियों का मंचासीन अतिथियों ने पुष्प गुच्छ भेंट उनका सम्मानित किया। युवा संगम कार्यक्रम में सक्रिय भूमिका निभाने वाले विभागीय कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया साथ ही विभागीय अधिकारियों द्वारा अपने विभाग में संचालित स्वरोजगार योजना की जानकारी प्रदान की गई।
इस अवसर पर जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक श्री प्रकाश इन्दौरे, जिला रोजगार अधिकारी श्री बी.एस. मीना, कौशल विकास और रोजगार विभाग संचालनालय भोपाल से आये श्री सौरभ पाठक,जिला प्रबंधक आजीविका मिशन श्री डी.पी. कम्ठान, प्रबंधक उद्योग श्री आर.के. जैन, अग्रणी बैंक जिला प्रंबधक श्री प्रवीण गुजरे, उप संचालक उद्यानिकी श्री केपीएस किरार, आईटीआई प्रशिक्षण अधिकारी श्री मनोज कुशवाह, सहायक प्रबंधक उद्योग श्री शिववीर सिंह,मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला रोजगार अधिकारी श्री मीना ने किया एवं आभार महाप्रबंधक श्री इन्दौरे द्वारा किया गया l









