बूढ़े बालाजी मंदिर के पास शासकीय भूमि पर प्रस्तावित आयोजन को लेकर विवाद, हिन्दू समाज ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बूढ़े बालाजी मंदिर के पास शासकीय भूमि पर प्रस्तावित आयोजन को लेकर विवाद, हिन्दू समाज ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

द्वारका न्यूज़

प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर

गुना । बूढ़े बालाजी मंदिर के समीप स्थित शासकीय भूमि पर आगामी 20 अगस्त को मुस्लिम समाज द्वारा धार्मिक आयोजन किए जाने की जानकारी सामने आने के बाद शहर का माहौल गरमाने लगा है। इस मुद्दे को लेकर मंगलवार को हिन्दू समाज के प्रतिनिधियों ने अनुविभागीय दंडाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर कार्यक्रम पर रोक लगाने की मांग की है। समाजजनों ने साफ कहा कि उक्त भूमि पुलिस विभाग को नवीन थाना भवन निर्माण हेतु पहले ही आवंटित की जा चुकी है, ऐसे में किसी भी तरह का आयोजन वहां नहीं होना चाहिए।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि मुस्लिम समाज द्वारा पहली बार इस स्थान पर एक शाम करबला वालों के नाम कार्यक्रम आयोजित करने का प्रयास किया जा रहा है। जबकि परंपरागत रूप से मुस्लिम समाज के सभी आयोजन उर्स, कव्वाली और ताजियों से जुड़ी गतिविधियाँ शहर के चांदशाहबली स्थित बड़े मैदान में होती रही हैं। इसके बावजूद बूढ़े बालाजी मंदिर के समीप स्थित शासकीय भूमि पर कार्यक्रम आयोजित करने का प्रयास जानबूझकर किया जा रहा है, जिससे सामाजिक सौहार्द बिगडऩे की आशंका है।

हिन्दू समाज ने यह भी कहा कि इस भूमि पर वर्षों से हिन्दू समाज की ओर से झांकियों का आयोजन किया जाता रहा है, वहीं मुस्लिम समाज की ओर से केवल ताजिये रखे जाते रहे हैं। परंतु अब पहली बार यहां एक नया आयोजन किए जाने की कोशिश हो रही है, जो परंपरा के विपरीत है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि गत वर्ष 29 अगस्त 2024 को भी इसी प्रकार का आयोजन कराने का प्रयास हुआ था, लेकिन तत्कालीन जिला प्रशासन ने अनुमति देने से इंकार कर दिया था। हिन्दू समाज ने यह आरोप भी लगाया कि मुस्लिम समाज द्वारा इस भूमि को हुसैनी टेकरी करबला मैदान के नाम से संबोधित कर अनुमति लेने की कोशिश की जा रही है, जबकि शासकीय दस्तावेजों में इस नाम का कोई उल्लेख नहीं है। ज्ञापन में मांग की गई कि भविष्य में भी यदि इस भूमि के लिए मुस्लिम समाज अनुमति मांगे तो उसे तत्काल निरस्त किया जाए और उनके सभी धार्मिक कार्यक्रम केवल चांदशाहबली स्थित परंपरागत स्थल पर ही कराए जाएं।

ज्ञापन में यह भी स्पष्ट किया गया कि बूढ़े बालाजी मंदिर के पास की यह शासकीय भूमि पुलिस विभाग को नवीन थाना भवन निर्माण के लिए आवंटित हो चुकी है, इसलिए यहां किसी भी प्रकार का आयोजन ना होने दिया जाए। समाजजनों ने प्रशासन से आग्रह किया कि 20 अगस्त को होने वाले कार्यक्रम पर रोक लगाकर शहर के सौहार्दपूर्ण वातावरण को बनाए रखा जाए। ज्ञापन की प्रतिलिपि जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को भी भेजी गई है। हिन्दू समाज का कहना है कि यदि इस कार्यक्रम की अनुमति दी जाती है तो शहर का शांति माहौल बिगड़ सकता है, जिसके लिए प्रशासन जिम्मेदार होगा।

Vikram singh tomar
Author: Vikram singh tomar

DWARKA NEWS NATIONAL NETWORK

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें