पुलिस अधीक्षक श्री अंकित सोनी के निर्देशन में गुना का हेलमेट जन-जागरूकता अभियान*
द्वारका न्यूज़
प्रधान संपादक: विक्रम सिंह तोमर
*नुक्कड़ नाटक और जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से आमजन में सड़क सुरक्षा संदेश*
*जीवन अनमोल है…हेलमेट आपकी सुरक्षा का सच्चा रक्षक*
पुलिस मुख्यालय मध्य प्रदेश के निर्देशानुसार दिनांक 26 नवंबर 2025 से 10 दिसंबर 2025 तक पूरे प्रदेश में विशेष सड़क सुरक्षा एवं यातायात अनुशासन हेतु विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है । गुना पुलिस अधीक्षक श्री अंकित सोनी के निर्देशन में अभियान के तहत गुना पुलिस द्वारा जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर सख्ती से कार्यवाहियां की जा रहीं हैं, साथ ही आमजन एवं वाहन चालकों में यातायात नियमों का पालन करने एवं सड़क सुरक्षा के प्रति विविध जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से जागरूक किया जा रहा है । इसी श्रृंखला में आज दिनांक 03 दिसंबर 2025 को गुना शहर के अंबेडकर चौराहा पर आम जनमानस में हेलमेट के महत्व को समझाने हेतु एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम एवं नुक्कड़-नाटक का आयोजन किया गया ।
इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से पुलिस अधीक्षक श्री अंकित सोनी, कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल, जिलाध्यक्ष भाजपा श्री धर्मेन्द्र सिकरवार, सीएसपी श्रीमती प्रियंका मिश्रा, आरटीओ श्री ज्ञानेंद्र वैश्य, मीडिया के पत्रकार बंधु, सम्माननीय नागरिक, प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे ।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण यमराज की जीवंत और प्रभावशाली प्रस्तुति रहा, जिसमें पुलिस कर्मचारी द्वारा यमराज की भूमिका निभाते हुए दोपहिया वाहन चालकों को हास्यपूर्ण लेकिन सार्थक अंदाज में यह महत्वपूर्ण संदेश दिया गया कि “जीवन अनमोल है… सड़क पर लापरवाही मत कीजिए, हेलमेट ही आपकी सुरक्षा का सच्चा रक्षक है ।”
नुक्कड़-नाटक के पश्चात पुलिस द्वारा मौके पर ही लापरवाह वाहन चालकों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कड़ी कार्यवाही की गई और बिना हेलमेट पाए गए चालकों के चालान बनाए गए । साथ ही रेड क्रॉस के सौजन्य से ISI मार्क वाले सुरक्षित हेलमेट उपलब्ध कराए गए, जिन्हें बिना हेलमेट मिले चालकों को 300 में प्रदान किया गया ।
इस दौरान एसे चालक जो हेलमेट पहनकर गुजर रहे थे, उनका गुलाब के फूल एवं फूल-माला पहनाकर सम्मान किया गया, ताकि सुरक्षित व्यवहार से समाज में एक सकारात्मक संदेश मिले ।
यमराज ने लोगों को अपने चुटीले अंदाज में समझाया कि “मंज़िल आपके घर होनी चाहिए, मेरे दरबार की तरफ जल्दी न करें । हेलमेट पहनों, सुरक्षित चलो ।”
इस अभियान का उद्देश्य पूरे प्रदेश में सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाना, दुर्घटनाओं में कमी लाना और प्रत्येक परिवार को सुरक्षित एवं खुशहाल रखना है । गुना पुलिस द्वारा आगे भी जिले में सड़क सुरक्षा हेतु विविध कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन एवं चालकों को जागरूक किया जाएगा ।
गुना पुलिस — सुरक्षित सड़क, सुरक्षित जीवन
: हेलमेट पहनें, सुरक्षित चलें, जीवन बचाएं :









