शिवपुरी के कोलारस में ट्रैक्टर टोली बिजली के तार की चपेट में आने से बड़ा हादसा एक बालक और एक महिला की जलने से मौत
द्वारका न्यूज़ नेशनल नेटवर्क
प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर
शिवपुरी 3 अप्रैल 2026
शिवपुरी जिले के कोलारस थाना क्षेत्र में आज एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां भूसा लेने जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा रहे परिवार पर आफत आ गिरी। कच्चे रास्ते पर ट्रॉली में लगा 10 फीट का पाइप हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। इस हादसे में एक महिला और 7 साल के मासूम बच्चे की जलने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला और एक पुरुष गंभीर रूप से झुलस गए हैं। झुलसे लोगों को इलाज के लिए स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
कोलारस थाना प्रभारी गब्बर सिंह गुर्जर के मुताबिक राजस्थान के बारां जिले के खेड़ली गांव में रहने वाला बंजारा परिवार हर साल की तरह इस बार भी कोलारस में भूसा खरीदने आया था। ये लोग खेतों में डेरा डालते हैं और गांव-गांव घूमकर भूसा खरीदते हैं। उन्होंने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली के जरिये एक जगह इकट्ठा करते हैं। बाद में बड़ी मात्रा में भूसा बेचकर मुनाफा कमाते हैं।
भूसा लेने निकले थे तभी मौत आ गई
बताया जा रहा है कि आज सुबह टोल टैक्स के पास बने बंजारा डेरे से दो ट्रैक्टर-ट्रॉली भूसा खरीदने के लिए निकले थे। आगे चल रहा ट्रैक्टर देहरदा गांव से कच्चे रास्ते से होते हुए डोडयाई गांव की ओर जा रहा था। इसी दौरान ट्रॉली में लगे लोहे के पाइप हाईटेंशन लाइन से टकरा गए, जिससे करंट फैल गया।







