गुना की दुबे कॉलोनी में बंद घर में बुजुर्ग गोयल परिवार दंपति के शव मिलने से फैली सनसनी आत्महत्या के लगाए जा रहे कयास
द्वारका न्यूज़ नेशनल नेटवर्क
प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर
3 अप्रैल 2026
गुना । जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित धाकड़ कॉलोनी में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक बुजुर्ग दंपत्ति के शव उनके ही घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मिले। मामला तब सामने आया जब परिजनों को कई घंटों तक संपर्क न होने पर शक हुआ। मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि पति का शव एक कमरे में फांसी के फंदे पर लटका हुआ था, जबकि पत्नी दूसरे कमरे में पलंग पर मृत अवस्था में पड़ी मिली। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान दिलीप कुमार गोयल (70) और उनकी पत्नी किरण गोयल (65) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उनका बेटा चंदेरी में एडीपीओ के पद पर पदस्थ है और वह अपने परिवार के साथ छुट्टियों में बाहर गया हुआ था। इसी दौरान घर में अकेले रह रहे दंपत्ति ने संभवत: एक-दो दिन पहले यह कदम उठाया।
प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि पति ने फांसी लगाकर आत्महत्या की, जबकि पत्नी ने जहरीला पदार्थ सेवन किया। हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दी। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की बारीकी से जांच शुरू कर दी है। इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है।







