विक्रमोत्सव-2026” अंतर्गत वाराणसी में शुक्रवार से सम्राट विक्रमादित्य महानाट्य का होगा भव्य मंचन
3 भव्य मंच, 18 घोड़े, 2 रथ, 4 ऊँट, 1 पालकी और हाथी के जीवंत दृश्यों से होगा साकार
बाबा विश्वनाथ को मुख्यमंत्री डॉ. यादव करेंगे विक्रमादित्य वैदिक घड़ी अर्पित
भोपाल : गुरूवार, अप्रैल 2, 2026, 19:39 IST
विक्रमोत्सव-2026 अंतर्गत उज्जैन के सम्राट विक्रमादित्य के सुशासन और न्यायप्रियता को जन-जन तक पहुँचाने के लिए शुक्रवार 3 अप्रैल को वाराणसी में सम्राट विक्रमादित्य महानाट्य का भव्य मंचन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ के मुख्य आतिथ्य में तीन दिवसीय सम्राट विक्रमादित्य महानाट्य का शुभारंभ होगा। महाराजा विक्रमादित्य शोधपीठ के माध्यम से वाराणसी के बी.एल.डब्ल्यू. मैदान में आयोजित होने वाले इस महानाट्य की परिकल्पना मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की है। पद्मश्री डॉ. भगवतीलाल राजपुरोहित द्वारा रचित और राजेश कुशवाहा द्वारा निर्मित और संजीव मालवी के निर्देशन में प्रस्तुत महानाट्य सम्राट विक्रमादित्य भारत की सांस्कृतिक चेतना को जगाने वाला अनुभव है। इसमें 200 से ज्यादा कलाकार हाथी, घोड़े, रथ, पालकियां, भव्य युद्ध, लाइट शो, आतिशबाजी नृत्य और बाबा महाकाल की भस्म आरती की दिव्य झलकियां शामिल है। महान सम्राट विक्रमादित्य के जन्म से राजतिलक तक की गाथा, विक्रम बेताल की कथा और सनातन धर्म के उत्थान की महाकाव्य कथा इस महानाट्य में जीवंत होती है।








