*पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के सशक्त एवं संवेदनशील नेतृत्व में गुना पुलिस का अपराधियों पर सख्त शिकंजा*
*कैंट थानांतर्गत घोसीपुरा में पति ने अपनी पत्नि पर डीजल डालकर लगाई आग, पुलिस ने दिखाई तत्परता*
*पुलिस ने मुख्य आरोपी (पति) को गिरफ्तार कर जेल पहुंचाया*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के सशक्त एवं संवेदनशील नेतृत्व में जिले में अपराधियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्यवाहियां की जा रही हैं। विशेष रूप से महिला संबंधी एवं हिंसक अपराधों में पुलिस द्वारा त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मानसिंह ठाकुर के मार्गदर्शन एवं सीएसपी गुना श्रीमती प्रियंका मिश्रा के पर्यवेक्षण में थाना कैंट प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव एवं उनकी टीम द्वारा थाना क्षेत्र अंतर्गत घोसीपुरा में घटित एक गंभीर प्रकरण में त्वरित कार्यवाही करते हुए मुख्य आरोपी (पति) को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है ।
उल्लेखनीय है कि दिनांक 05 अप्रैल 2026 को फरियादी विनय रजक निवासी पुरानी छावनी, गुना द्वारा थाना कैंट में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि दिनांक 04 अप्रैल 2026 की रात्रि करीब 08:30 बजे उसकी बहन दीपा का फोन आया, जिसमें वह चिल्लाते हुए बता रही थी कि उसका पति पवन रजक उसके साथ मारपीट कर रहा है । सूचना पर फरियादी मौके पर पहुंचा, जहां उसकी बहन जली हुई अवस्था में मिली । पीड़िता ने बताया कि उसके पति पवन रजक ने उस पर डीजल डालकर आग लगा दी । साथ ही अस्पताल ले जाते समय उसने यह भी बताया कि उसके ससुर छोटेलाल रजक तथा देवर रामू एवं संजीव द्वारा भी उसके साथ मारपीट की गई थी । उक्त रिपोर्ट पर उपरोक्त सभी आरोपियों के विरुद्ध कैंट थाने में अपराध क्रमांक 216/26 धारा 109(1), 115(2), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल द्वारा हत्या के प्रयास के उक्त प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए घटना में संलिप्त सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए । उक्त निर्देशों के पालन में केंट थाना पुलिस द्वारा प्रकरण में सक्रियता एवं तत्परता से कार्यवाही करते हुए आरोपियों की निरंतर तलाश की गई और इस हेतु अपना मुखबिर तंत्र सक्रिय कर जिनकी तलाश में सभी संभावित स्थानों पर सघन दबिशें दी गई । जिसके परिणाम स्वरूप दिनांक 06 अप्रैल 2026 को मुखबिर सूचना पर कैंट थाना पुलिस द्वारा त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही करते हुए प्रकरण में मुख्य आरोपी पवन पुत्र छोटेलाल रजक उम्र 31 वर्ष निवासी ग्राम भैंसा थाना नईसरांय जिला अशोकनगर, हाल निवासी घोसीपुरा थाना कैंट को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है । प्रकरण में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है ।
कैंट थाना पुलिस की उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव, उपनिरीक्षक राहुल शर्मा, प्रधान आरक्षक लक्ष्मीनारायण यादव एवं आरक्षक दीपेन्द्र परिहार का विशेष योगदान रहा है ।







