आधी रात बीच सड़क पर खुलेआम गुंडागर्दी: वार्ड 1 के पार्षद परिवार पर जानलेवा हमला बर्थडे पार्टी बनी ‘खौफनाक वारदात’
द्वारका न्यूज़ नेशनल नेटवर्क
प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर
11 अप्रैल 2026
गुना
शहर के नानाखेड़ी में शुक्रवार और शनिवार की दरम्यानी रात गुंडागर्दी और रसूख के प्रदर्शन ने मानवता को शर्मसार कर दिया। जन्मदिन मनाने के नाम पर सड़क पर हुड़दंग कर रहे कुछ रसूखदार युवकों ने न केवल मर्यादा की सीमाएं लांघी, बल्कि टोकने पर वार्ड क्र 1 के भाजपा पार्षद गेंदालाल कुशवाहा के परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। सनक इस कदर हावी थी कि आरोपियों ने अपनी महिंद्रा पिकअप को हथियार बनाया और सड़क पर खड़े लोगों को बेरहमी से कुचल दिया। इस दिल दहला देने वाली वारदात में एक युवक गाड़ी की भीषण टक्कर से हवा में कई फुट ऊपर उछला और दूर जा गिरा, जिसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
गाली-गलौज का विरोध पड़ा भारी, रसूखदारों ने खोया आपा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नानाखेड़ी क्षेत्र में पुष्पेंद्र, आकाश, दीपेंद्र रघुवंशी और उनके मित्र आनंद ने अपने करीब दो दर्जन साथियों के साथ सड़क के बीचों-बीच गाड़ियों की बोनट पर केक काटकर पार्टी शुरू की थी। आधी रात को शराब के नशे में धुत ये युवक न केवल शोर मचा रहे थे, बल्कि सरेराह मां-बहन की अश्लील गालियां भी दे रहे थे।
पड़ोस में रहने वाले भाजपा पार्षद के परिवार ने जब इस अभद्रता का विरोध किया और घर की बहू-बेटियों की मर्यादा का हवाला देते हुए उन्हें शांत रहने को कहा, तो आरोपी आगबबूला हो गए। कुछ मिनटों में ही जन्मदिन का यह जश्न खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया।
आरोपियों ने पहले लाठी-डंडों से हमला किया और फिर अपनी महिंद्रा पिकअप गाड़ी को खूनी हथियार की तरह इस्तेमाल किया।
पिकअप से किया हिट एंड रन का खौफनाक प्रयास
इस टक्कर की भयानकता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि गाड़ी की चपेट में आया परिवार का एक युवक कई फुट दूर तक जाकर गिरा। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो आरोपी उसे जान से मार देने की नीयत से बार-बार गाड़ी को आगे-पीछे कर रहे थे। वारदात को अंजाम देने के बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से आरोपियों ने वहां लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए और मौके से फरार हो गए।
दहशत में वार्ड निवासी : असामाजिक तत्वों की शरणस्थली बना इलाका
पीड़ित परिवार और स्थानीय निवासियों का आरोप है कि ये युवक लंबे समय से मोहल्ले में आतंक का पर्याय बने हुए हैं। आए दिन यहां बाहरी लड़कों का जमावड़ा होता है, जो शराब पीकर उत्पात मचाते हैं। स्थिति यह है कि क्षेत्र की महिलाएं और छोटी बच्चियां मंदिर जाने या घर से बाहर निकलने में भी असुरक्षित महसूस करती हैं। पूर्व में भी इनकी शिकायतें पुलिस से की गई थीं, लेकिन ठोस कार्रवाई के अभाव में इन अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो गए कि आज इन्होंने एक जनप्रतिनिधि के परिवार को ही अपना निशाना बना लिया।
शहर की सड़कों पर मौत का नया ट्रेंड: कब जागेगी पुलिस?
गुना की सड़कों पर देर रात गाड़ियों की बोनट पर केक काटना और हुड़दंग करना अब एक जानलेवा फैशन बन चुका है। नानाखेड़ी मंडी गेट से लेकर पीजी कॉलेज और मुख्य डाकघर रोड तक, रात होते ही उपद्रवी युवाओं के झुंड कानून की धज्जियां उड़ाते देखे जा सकते हैं। तेज संगीत, खुलेआम नशा और अब सीधे हत्या के प्रयास जैसी वारदातें पुलिस की गश्त और सक्रियता पर बड़े सवाल खड़े करती हैं। अगर पुलिस ने इन बर्थडे गैंग्स पर समय रहते नकेल नहीं कसी, तो भविष्य में ऐसी और भी खूनी कहानियाँ शहर की शांति भंग करेंगी।









