15 लाख की स्मैक और कार सहित 22 लाख का माल जब्त, बजरंगगढ़ मंडल भाजपा का नेता शामिल
द्वारका न्यूज़
प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर
जिला संवाददाता राजीव विजयवर्गीय
शिवपुरी, 5 जून। कोतवाली थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गुना जिले के तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 62.28 ग्राम स्मैक, एक कार और मोबाइल फोन सहित करीब 22 लाख रुपये का माल बरामद किया गया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गुना से ग्वालियर की ओर जा रही एक कार में स्मैक की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कठमई तिराहे के पास पुराने केसीसी प्लांट क्षेत्र में वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान कार में सवार गुना निवासी आर्यन उर्फ हनी नामदेव (25), नाजिर खान (19) और नीतेश योगी (22) के पास से कुल 62.28 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त कार और मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए।
पुलिस के अनुसार बरामद स्मैक की कीमत लगभग 15 लाख रुपये तथा कार की कीमत करीब 7 लाख रुपये आंकी गई है। इस प्रकार कुल 22 लाख रुपये का माल जब्त किया गया है।
तीनों आरोपियों के विरुद्ध कोतवाली थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर स्मैक के स्रोत और तस्करी नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटा रही है।









