उमरथाना हाईस्कूल में गाइड खोलकर चल रही थी नकल, रोकने पर प्राचार्य ने खोया आपा अतिथि शिक्षक के संग की मारपीट 

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

उमरथाना हाईस्कूल में गाइड खोलकर चल रही थी नकल, रोकने पर प्राचार्य ने खोया आपा अतिथि शिक्षक के संग की मारपीट

अतिथि शिक्षक पर हमला उसकी उंगली तोड़ी और मोबाइल फोड़ा, पुलिस थाना पहुंचा मामला

द्वारका न्यूज़ नेशनल नेटवर्क

प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर

गुना । जिले के चांचौड़ा क्षेत्र स्थित उमरथाना हाईस्कूल से गुरु-शिष्य की परंपरा को कलंकित करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक अतिथि शिक्षक को परीक्षा में सरेआम हो रही नकल को रोकना भारी पड़ गया। विद्यालय के प्राचार्य ने कर्तव्य पालन कर रहे शिक्षक की न केवल पिटाई की, बल्कि उनका मोबाइल तोड़ दिया, जिससे शिक्षक की उंगली में गंभीर चोट आई है।

गाइड खोलकर नकल कर रहे थे छात्र, प्राचार्य ने खोया आपा

अतिथि शिक्षक आशुतोष बैरागी ने बताया कि शनिवार को स्कूल में सामाजिक विज्ञान विषय का वार्षिक पेपर चल रहा था। यह विषय स्वयं प्राचार्य हरिसिंह चंदेल पढ़ाते हैं। जब आशुतोष कक्षा में पहुंचे, तो वहां का नजारा देख दंग रह गए, छात्र बिना किसी डर के गाइड खोलकर उत्तर लिख रहे थे। हैरानी की बात यह थी कि परीक्षा कक्ष में कोई भी पर्यवेक्षक या शिक्षक मौजूद नहीं था। आशुतोष ने जब साक्ष्य के तौर पर इसका वीडियो बनाना शुरू किया और बच्चों को नकल से रोका, तो प्राचार्य हरिसिंह चंदेल शाबासी देने के बजाय हिंसक हो उठे। उन्होंने आशुतोष पर हमला कर दिया और उनका मोबाइल पटक कर तोड़ दिया। इस झड़प में अतिथि शिक्षक की उंगली टूट गई। इस दौरान दोनों के बीच मुंहवाद का वीडियो भी सामने आया।

थाने पहुंचा मामला, प्राचार्य की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

पीडि़त शिक्षक ने चांचौड़ा थाने में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। आशुतोष के अनुसार, प्राचार्य उन्हें पहले भी अनावश्यक रूप से मानसिक प्रताडऩा देते रहे हैं। सूत्रों का दावा है कि प्राचार्य चंदेल अपनी संदिग्ध कार्यप्रणाली के चलते पूर्व में अन्य स्थानों से निलंबित भी हो चुके हैं। बहरहाल एक तरफ शासन शिक्षा की गुणवत्ता और परीक्षाओं की शुचिता की बात कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ जिम्मेदार पदों पर बैठे लोग खुद नकल को संरक्षण दे रहे हैं और विरोध करने पर मारपीट पर उतारू हैं। अतिथि शिक्षक ने पुलिस को दिए आवेदन में वीडियो साक्ष्य होने की बात भी कही है और आशंका जताई है कि प्राचार्य अपने बचाव में झूठी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

इनका कहना है

– मेरे संज्ञान में अभी मामला आया है। फिलहाल मैं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के दौरे कार्यक्रम में ड्यूटी पर हूं। कल इस मामले को दिखवाता हूं।- राजेश गोयल, डीईओ गुना

 

Vikram singh tomar
Author: Vikram singh tomar

DWARKA NEWS NATIONAL NETWORK

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें